- तेज हवाएं चलेगी; अगले 24 घंटे में पारे में आएगी गिरावट
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में कल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 और 30 मार्च के लिए अलर्ट जारी किया है। 29 मार्च को पूरे हरियाणा में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 30 मार्च को हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश होगी।
30 मार्च को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। कल से दो दिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग ने 29-30 मार्च के दौरान तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों से सिंचाई और कीटनाशकों का छिड़काव फिलहाल न करने की सलाह दी है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
अधिकतम तापमान
हरियाणा में 27 मार्च को गर्मी का मिला-जुला असर रहा। प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान में कल के मुकाबले 2.1°C की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यह अभी भी सामान्य के करीब बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 32.3°C रिकॉर्ड किया गया। अन्य प्रमुख शहरों में हिसार में 31.7°C और रोहतक में 31.4°C में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में पारे में 2-4°C की और गिरावट आ सकती है, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में फिर से 2-4°C की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान
हरियाणा में रात के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 1°C की बढ़ोतरी देखी गई है, जो सामान्य से 2.1°C अधिक है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम और सोनीपत में 16.0°C दर्ज किया गया। अन्य स्थानों पर रात का पारा थोड़ा अधिक रहा, जैसे अंबाला और रोहतक में 20.2°C, जबकि चंडीगढ़ में यह 18.0°C रहा। आने वाले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान के सामान्य के आसपास ही बने रहने का अनुमान है।