- T20 में भारत को दिलवा चुके हैं वर्ल्ड कप, अब अपराधियों पर कसेंगे शिकंजा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा पुलिस में हाल ही में हुए तबादलों के बाद एसीपी जोगेंद्र शर्मा ने सोनीपत जिले के खरखौदा में ड्यूटी जॉइन कर ली है। पदभार ग्रहण करने पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
जोगेंद्र शर्मा वर्ष 2007 में भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाली क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने तेज गेंदबाजी से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था और फाइनल मुकाबले के अंतिम ओवर में भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।
CP ममता सिंह के निर्देशन में कानून व्यवस्था करेंगे मजबूत
हरियाणा सरकार ने जोगेंद्र शर्मा को पुलिस अधिकारी बनाकर सम्मान दिया था। वे इससे पहले राज्य के कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब वे पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह (IPS, ADGP) के कुशल मार्गदर्शन में खरखौदा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता
ड्यूटी जॉइन करने के बाद एसीपी जोगेंद्र शर्मा ने कहा कि खरखौदा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों पर अंकुश, नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
पारदर्शी और जन-केंद्रित पुलिसिंग पर जोर
एसीपी जोगेंद्र शर्मा ने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।