- 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी हवाएं, फसलों को खतरा, तापमान गिरेगा
हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम ने आज से करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के करीब 15 जिलों में बारिश, गरज-चमक और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर समेत उत्तरी व पश्चिमी हरियाणा के कई जिले शामिल हैं।
कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने के भी आसार हैं
कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने के भी आसार हैं, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिन में बढ़ रही गर्मी से हल्की राहत मिलेगी। वहीं रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
मार्च तक बारिश व आंधी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार 27 मार्च को दक्षिण और पूर्वी जिलों में भी बारिश का दायरा बढ़ेगा, जबकि 28 मार्च को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 29 मार्च तक कई जगहों पर गरज-चमक और आंधी जारी रह सकती है। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
किसानों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के इंतजाम रखें।
जानिए हरियाणा में कैसा रहा दिन और रात का तापमान….
औसत न्यूनतम तापमान में उछाल
हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य के न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 2.4°C की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7°C अधिक बना हुआ है, जो मार्च के अंत में बढ़ती गर्मी का संकेत दे रहा है। आज प्रदेश में सबसे कम तापमान करनाल और सोनीपत में 15.6°C दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 20.4°C रहा।
दिन का तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस बढ़ा
दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है। औसतन करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 35°C गुरुग्राम में रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 34°C, अंबाला में 31.6°C और करनाल में 31.2°C दर्ज हुआ। दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन आज से मौसम बदलने के कारण तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है।