- तेज हवाएं भी चलेंगी, पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, 33°C तक पहुंचा तापमान
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :हरियाणा में आज रात से मौसम करवट लेने जा रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अनुसार इस सप्ताह प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिनके असर से अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना है।
पहला पश्चिमी विक्षोभ आज रात से सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 26 और 27 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में बारिश के आसार
वहीं दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 29 मार्च की रात को सक्रिय होगा, जिससे 30 और 31 मार्च को प्रदेश के अधिकतर इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना बनेगी। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक बढ़ेगी। 26 मार्च को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत में बारिश के आसार हैं।
अधिकतम तापमान में 1.5°C की बढ़ोतरी
प्रदेश में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 1.5°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट रही है। महेंद्रगढ़, भिवानी और हिसार जैसे इलाकों में तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रहा।
हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से 26 मार्च के बाद तापमान में गिरावट आएगी। बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण दिन का तापमान नीचे जा सकता है।
न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट
न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में औसतन 0.1 डिग्री की कमी आई है। गुरुग्राम में सबसे कम 14.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 15 से 18 डिग्री के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादल छाने और बारिश के कारण रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन हल्की ठंडक बनी रहेगी।