March 25, 2026
25 march 4
  • एक अप्रैल से लागू होंगे, प्रॉपर्टी के मार्केट रेट भी बढ़ेंगे

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : चंडीगढ़ में एक अप्रैल से जमीनों की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी। प्रशासन ने इसके लिए नए कलेक्टर रेट जारी कर दिए हैं। इनमें रेजिडेंशियल, कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल से लेकर एग्रीकल्चर लैंड के कलेक्टर रेट में 10 से 22% तक बढोतरी कर दी गई है। इनमें हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट्स और इंडिपेंडेंट मकान भी शामिल हैं।

इससे प्रशासन को रजिस्ट्री फीस और स्टांप ड्यूटी से ज्यादा कमाई होगी लेकिन कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रॉपर्टी के मार्केट रेट भी बढ़ेंगे। हालांकि प्रशासन का तर्क है कि 20 मार्च तक प्रशासन ने शहरवासियों के प्रस्तावित रेट पर सुझाव लिए थे। उसी के आधार पर शहर के प्रमुख सेक्टरों में कलेक्टर रेट बढ़ाए गए हैं।

कलेक्टर रेट बढ़ाने का असर जानिए…

1. सेक्टरवाइज

सेक्टर-1 से 12 में रिहायशी जमीन का कलेक्टर रेट बढ़ाकर 2 लाख 37 हजार 900 रुपए प्रति वर्ग गज कर दिया गया है, जो पहले 1 लाख 78 हजार 600 रुपए था।
सेक्टर-14 से 37 के लिए नया रेट 1 लाख 81 हजार 300 रुपए प्रति वर्ग गज और सेक्टर-38 व उससे आगे के क्षेत्रों के लिए 1 लाख 33 हजार 200 रुपए प्रति वर्ग गज तय किया गया है।
2. फ्लैट्स-मकानों पर

फ्लैट्स के लिए ग्राउंड फ्लोर पर 11 हजार रुपए प्रति वर्ग फुट, पहली मंजिल पर 9 हजार, दूसरी मंजिल पर 8 हजार और तीसरी मंजिल व उससे ऊपर के लिए 7 हजार 200 रुपए प्रति वर्ग फुट दर तय की गई है।
इंडस्ट्रियल हाउस के लिए ग्राउंड फ्लोर 9 हजार 300 रुपए, पहली मंजिल 7 हजार 400 रुपए और दूसरी मंजिल 5 हजार 700 रुपए प्रति वर्ग फुट तय किए गए हैं।
सोसाइटी फ्लैट्स के लिए भी मंजिल के हिसाब से अलग-अलग दरें लागू होंगी। नए कलेक्टर रेट के तहत कॉर्नर प्लॉट या मकान के लिए 5 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
3. रिहायशी-इंडस्ट्रियल प्लॉट पर

रिहायशी प्लॉट को नर्सिंग होम या अस्पताल में बदलने पर 25 से 31.25 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 और 2 में रेट बढ़ाकर 86 हजार रुपए प्रति वर्ग गज कर दिया गया है।
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3 का कलेक्टर रेट 62 हजार 600 रुपए प्रति वर्ग गज ही रखा गया है, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया।
4. कॉमर्शियल एरिया पर

कोयला डिपो, टिंबर मार्केट, ट्रांसपोर्ट एरिया आदि के लिए 97 हजार 300 रुपए प्रति वर्ग गज तय किया गया है।
मनीमाजरा मोटर मार्केट में 2 लाख 33 हजार 500 रुपए प्रति वर्ग गज रेट कर दिया गया है।
शिवालिक एन्क्लेव में 4 लाख 10 हजार 200 रुपए प्रति वर्ग गज रेट निर्धारित किए गए हैं।सेक्टर-17, 8, 15, 19, 22, 34 और 35 जैसे प्रमुख बाजारों में बूथ के कलेक्टर रेट 5,92,200 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंच गए हैं।
1 अप्रैल से चंडीगढ़ में शराब-पानी भी महंगा

पानी के टैरिफ में 5 फीसदी की बढ़ोतरी

अभी 0-15 किलोलीटर (एक किलोलीटर में एक हजार लीटर) पानी पर प्रति किलोलीटर 3.47 रुपए खर्च आता है जो बढ़कर 3.64 रुपए प्रति किलोलीटर हो जाएगा।
60 किलोलीटर से अधिक पर 24.31 रुपए प्रति किलोलीटर खर्च बिल में जुड़कर आने लगेगा। कम पानी खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को मामूली अतिरिक्त खर्च वहन करना होगा।
जैसे पहली 0-15 किलोलीटर की स्लैब में 15 पैसे की बढ़ोतरी से तीन से पांच रुपए ही अधिक चुकाने होंगे।
कूड़ा उठाने पर 5% ज्यादा चार्ज

दो मरला तक के घरों का गारबेज कलेक्शन चार्ज 57.88 रुपए से बढ़कर 60.77 रुपए हो जाएगा।
दो मरला से 10 मरला तक के घरों का चार्ज 115.76 रुपए से बढ़कर 121.55 रुपए हो जाएगा।
10 मरला से एक कनाल तक के घरों को पहली अप्रैल से 231.53 रुपए की जगह 243.11 रुपए अदा करने होंगे।
एक कनाल से दो कनाल तक के घरों का शुल्क 289.38 रुपए से बढ़कर 303.85 रुपए हो जाएगा।
दो कनाल से अधिक एरिया के घरों के लिए गारबेज कलेक्शन चार्ज 405.09 रुपए से बढ़कर 425.34 रुपए हो जाएगा।
कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग महंगी होगी
पहली अप्रैल से कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग भी महंगी होगी। इसमें कैटेगरी के हिसाब से कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग रेट बढ़ने हैं। पांच से दस प्रतिशत की वार्षिक बढ़ोतरी बुकिंग में हो जाएगी।

शराब होगी महंगी, ठेके बदलेंगे
पहली अप्रैल से नई आबकारी नीति भी लागू हो जाएगी। इसके बाद शराब की 500 रुपए की बोतल करीब 10 रुपए महंगी हो जाएगी, जबकि 2000 रुपए की बोतल अब करीब 40 रुपए बढ़कर 2040 रुपए में मिलेगी। वहीं अब डिपार्टमेंटल स्टोर में भी शराब की बिक्री होगी।