- 24 घंटे मिल रहा 10 किलो का सिलेंडर, लंबी लाइनों से राहत
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में सेक्टर 33 स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने देश का पहला ‘LPG ATM’ यानि गैस वेंडिंग मशीन शुरू की है। इसे ‘भारत गैस इंस्टा LPG’ नाम दिया गया है। यह उत्तर भारत में इस तरह का पहला स्वचालित सिस्टम है, जो 24 घंटे खुला रहता है और घरेलू गैस सिलेंडर की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करता है।
पिछले कुछ महीनों से देशभर में LPG की सप्लाई चेन में देरी, मिडिल ईस्ट में तनाव और पैनिक बुकिंग के कारण गैस सिलेंडर की कमी देखी जा रही है। कई इलाकों में उपभोक्ताओं को डिलीवरी के लिए दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
ऐसे में गुरुग्राम में यह LPG ATM एक बड़ी राहत लेकर आया है। यह मशीन ATM की तरह ही काम करती है, उपभोक्ता खाली सिलेंडर लाकर कुछ ही मिनटों में भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और संपर्क-रहित (कॉन्टैक्टलेस) है।
2 मिनट में मिलेगा सिलेंडर
पूरी प्रक्रिया में मात्र 2 से 3 मिनट का समय लगता है। यह मशीन हल्के वजन वाले कम्पोजिट सिलेंडर वितरित करती है, जो पारंपरिक स्टील सिलेंडर से काफी हल्के होते हैं और इन्हें महिलाओं व बुजुर्गों के लिए उठाना-रखना आसान होता है। फिलहाल यहां से 10 किग्रा के सिलेंडर दिए जा रहे हैं।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू
मशीन में एक समय पर 10 सिलेंडर रखे जा सकते हैं। स्टॉक दो सिलेंडर रह जाने पर नजदीकी गैस एजेंसी को ऑटोमैटिक अलर्ट चला जाता है, जिससे रीस्टॉकिंग समय पर हो सके। यह प्रोजेक्ट BPCL का पायलट प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक डिलीवरी सिस्टम पर निर्भरता कम करना और उपभोक्ताओं को 24×7 सुविधा उपलब्ध कराना है।