March 21, 2026
21 march 2
  • गुरुग्राम में धुंध से ढकी बिल्डिंग, वंदे भारत सहित कई ट्रेन लेट

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में 2 दिन की बारिश के बाद शनिवार को मौसम पूरी तरह बदल गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली- चंडीगढ़ बेल्ट के सोनीपत, पानीपत जैसे शहरों में जीरो विजिबिलिटी रही। इसके साथ ही हिसार, फतेहाबाद, फरीदाबाद, भिवानी, नूंह, गुरुग्राम में भी जबरदस्त धुंध रही। 19- 20 मार्च को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 2 दिनों तक प्रदेश में करीब 180 मिमी बारिश दर्ज की गई, तापमान में भी 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई।

ठंडी हवा चलने से सुबह- शाम ठिठुरन भी बढ़ गई

लगातार बारिश, बादल और ठंडी हवा चलने से सुबह- शाम ठिठुरन भी बढ़ गई है। वहीं शनिवार को धुंध के कारण 18 ट्रेनें लेट हो गई। मालवा एक्सप्रेस 4 घंटे तो वंदे भारत भी करीब 20 मिनट की देरी से चल रही है। उधर, धुंध के कारण पानीपत में दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर कई वाहन आपस में टकरा गए। जिससे हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा।

पानीपत में खड़े ट्रक में घुसी गाड़ी

शनिवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे दिल्ली- चंडीगढ़ हाईवे पर खड़े ट्रक में एक कार घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया। इसके बाद पीछे से आ रही कई गाड़ियां भी आपस में टकरा गई। हादसे में करीब 15 वाहन आपस में टकराए।

एक माह बाद फिर घना कोहरा

हरियाणा में इससे पहले 21 फरवरी को 4 से 5 जिलों में धुंध छाई थी, जिसके बाद आज करीब एक महीने बाद फिर से कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञानिकों के अनुसार, जब रात में धरती ठंडी होती है, तो उसके संपर्क में हवा भी ठंडी हो जाती है। जिस कारण सुबह- शाम ठिठुरन बढ़ी है।

दिन के तापमान में गिरावट जारी

शुक्रवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ से हुई बारिश और घने बादलों के कारण दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 19°C के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 10°C कम है। करनाल, हिसार और रोहतक में तापमान 22 से 23°C के बीच रहा।

धुंध के कारण 18 ट्रेनें लेट

धुंध का असर ट्रेनों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली 18 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कटिहार से अमृतसर जाने वाली 15707 करीब सवा 4 घंटे देरी से चल रही है। इसके अलावा मालवा एक्सप्रेस पौने 4 घंटे देरी से चल रही है।

अजमेर से चंडीगढ़ जाने वाली गरीब रथ ट्रेन करीब डेढ़ घंटा तो वहीं दिल्ली से अम्बंदौरा जाने वाली वंदे भारत ट्रेन करीब 20 मिनट देरी से चल रही है। मुंबई से अमृतसर जाने वाली 11057 ट्रेन भी करीब एक घंटा 10 मिनट लेट है। इसके साथ ही हिसार में भी 3 ट्रेनें देरी से चल रही है।

सोनीपत में रात रही सबसे ठंडी

सोनीपत में सबसे कम रात का न्यूनतम तापमान 14.3°C दर्ज किया गया। करनाल में 15.3°C, हिसार में 15.9°C और गुरुग्राम में 17°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। बारिश और बादलों के कारण रात के तापमान में में भी रिरावट देखने को मिली।