- 2 लाख में हुई डील, जूतों में ब्लूटूथ छिपाया
- हिसार का पर्वतारोही नरेंद्र भी शामिल
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में हिसार जिले के गांव मिंगनीखेड़ा के रहने वाला और फिट इंडिया के एंबेसडर पर्वतारोही नरेंद्र कुमार छत्तीसगढ़ में GATE (इंजीनियरिंग स्नातक योग्यता परीक्षा) में नकल करवाते पकड़ा गया है। नरेंद्र के साथ दो और इंजीनियर पकड़े गए हैं यह सभी हरियाणा के हैं।
रायपुर के सरोना स्थित निजी कॉलेज में 14 फरवरी को परीक्षा आयोजित थी। जहां तीनों युवक जूते में ब्लूटूथ डिवाइस छुपाकर पहुंचे थे। इनके ब्लूटूथ डिवाइस बाहर बैठे अन्य 3 युवकों से कनेक्ट थे। ये आरोपी भी हरियाणा से आए थे। इस परीक्षा में जूते पहनकर जाने की अनुमति होती है, इसलिए जूते की चेकिंग नहीं हुई। एग्जाम सेंटर पहुंचने के बाद स्टूडेट्स ने वॉशरूम जाकर डिवाइस कान में लगाया और एक्टिवेट कर लिया।
इधर से दबी आवाज में सवाल बताने लगे और बाहर बैठे सॉल्वर जवाब दे रहे थे। परीक्षा केंद्र प्रभारी को शक होने पर उन्होंने थाने में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि स्टूडेट्स से 2-2 लाख में डील हुई थी।
अब सिलसिलेवार जानिए पूरा घटनाक्रम
हरियाणा के रहने वाले दर्शन सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की और अमर तीनों बीटेक पास कर चुके हैं और एमटेक के लिए GATE परीक्षा दे रहे थे। इनमें दर्शन और अमर जॉब भी कर रहे हैं। तीनों को रायपुर के सरोना स्थित निजी कॉलेज में सेंटर मिला था। परीक्षा पास कराने के लिए तीनों ने नकल कराने वाले गैंग की मदद ली थी।
हरियाणा में हिसार के रहने वाले यू-ट्यूबर नरेंद्र कुमार, इंजीनियर सुमित सहवाग और अमर से 2 लाख में डील हुई। नकल की पूरी प्लानिंग हरियाणा में ही हो गई थी। तीनों स्टूडेंट से 6 लाख लेने के बाद वे सब रायपुर पहुंचे थे।
ऑनलाइन आंसर सर्च कर बताते थे
रायपुर के सरोना स्थित TCS-iON डिजिटल जोन में एग्जाम सेंटर शनिवार (14 जनवरी) को GATE की परीक्षा हुई। जहां बाहर बैठकर तीनों प्रश्न सॉल्व कर रहे थे। लैपटॉप की मदद से ऑनलाइन आंसर तलाशते फिर स्मॉल ब्लू टूथ ईयर डिवाइस के जरिए स्टूडेंट्स को बता रहे थे।
CCTV में दिखा संदिग्ध मूवमेंट
सेंटर में मौजूद केंद्र प्रभारियों को सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की हरकत पर संदेह हुआ, तो उन्हें बिना डिस्टर्ब किए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश की और तकनीकी जांच के आधार पर सभी 6 युवकों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, नकल कराने वाले युवकों से पूछताछ के बाद पूरे सिंडिकेट तक पहुंचा जा सकता है।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल जब्त
आरोपियों के कब्जे से 3 ब्लूटूथ ईयर डिवाइस (सूक्ष्म/छिपाने योग्य), 4 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नकल कराने से संबंधित सामग्री बरामद हुआ है। मामले में आगे कार्रवाई जारी है।