- कैदी ने नुकीली चीज से मारा, अयोध्या को दहलाने की साजिश रची थी
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप जेल में ही बंद अरुण चौधरी नाम के कैदी पर लगा है, जिसको कुछ ही समय पहले जम्मू-कश्मीर से नीमका जेल शिफ्ट किया गया था।
अब्दुल पर किसी नुकीली चीज से वार किया गया। सूचना मिलते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने अब्दुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया है। जेल सूत्रों के मुताबिक यह हत्या देर रात की गई, जिसकी जानकारी सुबह मिली।
20 साल के आंतकी अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को दो हैंड ग्रेनेड के साथ पाली गांव के पास पकड़ा गया था। उसने अयोध्या को दहलाने की साजिश रची थी। जांच में पता चला था कि अब्दुल रहमान अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट (AQIS) के कुख्यात आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था।
गुजरात ATS, आईबी की मदद से 2 मार्च 2025 को पकड़ा था
आतंकी अब्दुल रहमान (19) को हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स फरीदाबाद ने 2 मार्च को गुजरात ATS और केंद्रीय एजेंसी IB की मदद से पकड़ा था। अब्दुल की गिरफ्तारी के समय जांच एजेंसियों को उसके पास से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड मिले थे, जिनको बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय किया था।
राम मंदिर से जुड़े वीडियो भी मिले थे, सोशल मीडिया पर रहमान के कई अकाउंट
अब्दुल रहमान यूपी के मिल्कीपुर का रहने वाला था। उसके पास कुछ विडियो भी मिले थे, जिनमें राम मंदिर से जुड़ी कुछ डिटेल थी। जांच में पता चला था कि करीब डेढ़ साल से अब्दुल रहमान सोशल मीडिया अकाउंट पर भड़काऊ वीडियो अपलोड करता था। सबसे पहले अब्दुल ने TIKTOK पर अपना अकाउंट बनाकर भड़काऊ वीडियो डालना शुरू किया। TIKTOK पर बैन लगने के बाद अब्दुल ने INSTAGRAM पर अपना अकाउंट बनाया।
भड़काऊ वीडियो से अबू सुफियान की नजरों में चढ़ा अब्दुल
इंस्टाग्राम पर भी अब्दुल रहमान ने कई भड़काऊ वीडियो और तकरीरें डालना शुरू किया। इसके चलते कई बार उसके इंस्टाग्राम अकाउंट को स्ट्राइक डाउन किया गया। भड़काऊ वीडियो को देखकर अब्दुल आतंकी अबू सूफियान की नजरों में चढ़ा। इसके बाद अब्दुल रहमान को AQIS ने ब्रेनवॉश कर आतंक की ऑनलाइन ट्रेनिंग देनी शुरू की।
सोशल मीडिया से ही जांच एजेंसियों के रडार पर आया
अब्दुल रहमान के बार-बार अकाउंट पर स्ट्राइक आने के बाद वह जांच एजेंसियों के रडार पर आ गया था। हरियाणा STF, गुजरात एसटीएफ और यूपी एसटीएफ ने उसे ट्रैक करना शुरू कर दिया।
अबू सूफियान ने अपने हैंडलर के जरिए फरीदाबाद में 2 हैंड ग्रेनेड और डेटोनेटर एक गड्ढे में छिपा दिए थे। इसके बाद उसे 4 अप्रैल को अयोध्या जाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन 2 मार्च को ही गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ ने उसे दबोच लिया था।