- हरियाणा के 12 जिलों में तेज गरज के साथ बारिश
- मौसम विभाग ने 25 जनवरी तक बारिश का अलर्ट किया जारी
हरियाणा के 12 जिलों में बारिश हो रही है। दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट के पानीपत, सोनीपत यमुनानगर सहित हिसार, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, फतेहाबाद, सिरसा और महेंद्रगढ़ में सुबह से ही बूंदाबांदी देखने को मिली।
पानीपत में सुबह 8 बजे तक अंधेरा छाया रहा, वहीं सिरसा में देर रात ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों कैथल, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही प्रदेश में 60 किलोमीटर/ घंटे की दर से ठंडी हवाएं चल रही है।
इसके अलावा बाकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी तक बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि, बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे रात की ठिठुरन कम होगी, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट की स्थिति बनी रहेगी।
अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आज हरियाणा में तापमान में 0.6°C की मामूली वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि, यह औसत तापमान सामान्य से 4.8°C काफी अधिक बना हुआ है, जो सर्दियों के इस समय के हिसाब से असामान्य गर्मी का संकेत है।
गुरुवार को राज्य में सर्वाधिक तापमान रोहतक में 26.1°C दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक 3.1°C की वृद्धि देखी गई, जबकि फरीदाबाद में तापमान में 2.2°C की गिरावट दर्ज की गई।
ओले गिरने की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 25 जनवरी तक प्रदेश में बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जिलों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। अगले 48 घंटों तक तेज बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।