May 14, 2024

पंजाब में करारी शिकस्त मिलने के बाद अब भाजपा के नेता सफाई देने में लगे हुए हैं। रोहतक पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तो इसे हार ना मानते हुए 2 सीट जीतने और वोट परसेंट बढ़ने का हवाला दे दिया और कहीं ना कहीं अब वे अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधने में जुटे हुए हैं और केजरीवाल पर लूट की राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं।

चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत का श्रेय नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा जाति धर्म से ऊपर उठकर की जाने वाली राजनीति को दे रहे हैं। अनुराग ठाकुर बाबा मस्त नाथ मठ में आयोजित मेले में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में जाकर देखें कि अरविंद केजरीवाल ने किस तरह से लूट की राजनीति की है। पंजाब के लोगों को भी इस राजनीति का जल्द ही पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि मुफ्त की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चल पाती है।

बाकी चुनावी नतीजों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो परिवारवाद के कुछ राजनीतिक दल क्षेत्रवाद व जातिवाद की राजनीति करते थे। इस बार जनता ने उन्हें हटाने का काम किया है।

लोगों ने धर्म और जाति से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपनाई गई नीतियों पर अपनी मोहर लगाई है। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की शान पूरे विश्व में बढ़ाई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *