October 23, 2024

आमजन को आ रही एनडीसी की समस्या, प्रापर्टी आईडी की गड़बड़ियोंं, नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, विकास कार्यो में हो रही लेटलतीफी व भ्रष्टाचार सहित अनेक मुददों को लेकर आज कांग्रेस पार्टी के सदस्यो ने नगर निगम अंबाला शहर के बाहर विशाल धरना प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव चेतन चौहान ने की, जबकि मंच संचालन दविंद्र बजाज ने किया।

कांग्रेस सदस्यों ने धरने के बाद नगर निगम कमिश्नर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए चेतन चौहान ने कहा कि नगर निगम की लापरवाह कार्यशैली से आज शहर की जनता बेहद परेशान है। आज नगर निगम नरक निगम बन चुका है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार यूं तो पारदर्शी शासन के दावे करती है, लेकिन हकीकत यह है कि पब्लिक डिलिंग का सबसे बड़ा महकमा नगर निगम भ्रष्टाचार में डूबा हृुआ है। न तो सरकार का ध्यान है, न ही स्थानीय विधायक असीम गोयल को जनता की फिक्र है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पार्षद तक यह कहते अक्सर सुने जाते हैं कि उनकी यहां एक नहीं सुनी जाती। जब सत्ता पार्टी के पार्षदों का यह हाल है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम जनता का नगर निगम में क्या हाल होता होगा।

उन्होंने कहा कि नौरंगराय तालाब, महावीर पार्क सहित अनेक विकास कार्य है, जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ चुके हैं, बार बार अतिरिक्त बजट पास किया जा रहा है, लेकिन आज तक यह कार्य पूरे नहीं किये गये। जनता के टैक्स की कमाई का गबन किया जा रहा और अधिकारी व सत्ता पक्ष मौन हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष की अधिकारियों के साथ पूरी मिलीभगत है, यही वजह है कि अधिकारी मनमानी करते हुए जनता को परेशान कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता व पार्षद मिथुन वर्मा ने कहा कि हाल ही हुए प्रापर्टी आईडी के सर्वे में शहर में हजारों की संख्या में प्रापर्टी आईडीयों में गड़बड़ी कर दी गयी, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। निगम को जल्द से जल्द इसमें सुधार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रापर्टी टैक्स की अदायगी के बावजूद लोगों को पुराने टैक्स भी लगकर आ रहे हैं। लोगो को एनडीसी व एनओसी इसी कारण से जारी नहीं की जा रही है, यही कारण है कि लोगो को ऋण वगैरा लेने में भी परेशानी आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *