October 27, 2026
27 oct 5
  • युवक ने बनाई वीडियो, रेस्क्यू के लिए पानी घटने का इंतजार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  कुरुक्षेत्र के सलपानी कलां गांव के पास सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर में 8 से 10 फुट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया है। जिस जगह मगरमच्छ देखा गया है, वहां पानी करीब 4 फुट तक गहरा है। ऐसे में टीम के लिए पानी में उतरकर उसे रेस्क्यू करना आसान नहीं होगा। अब नहर में पानी और कम होने का इंतजार किया जा रहा है।

अगले 3-4 दिन में पानी का स्तर घटने की उम्मीद है। इसके बाद जाल की मदद से मगरमच्छ को रेस्क्यू करने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा ज्योतिसर गांव से सटे मुंडाखेड़ा से गुजर रही ड्रेन में भी करीब 4 फुट लंबा मगरमच्छ दिखा है।

नहर में उतरता दिखा मगरमच्छ

मछली पकड़ने वाले ने गोताखोर प्रगट सिंह को वीडियो भेजकर नहर में मगरमच्छ होने की जानकारी दी। वीडियो में मगरमच्छ नहर में आराम से उतरता दिखाई दे रहा है। नहर में मगरमच्छ की मौजूदगी देखकर युवक के साथ-साथ दूसरे लोग तुरंत वहां से हट गए।

आबादी से दूरी के बाद भी खतरा

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि जिस जगह यह मगरमच्छ दिखा है, वह आबादी से दूर है, लेकिन आसपास के एरिया के कई लोग अपने पशुओं को लेकर उधर से निकलते हैं। नहर में पानी का स्तर और बहाव बहुत कम है। इस स्थिति में मगरमच्छ नहर की पटरी तक पहुंच जाते हैं।

सफाई के कारण नहर में पानी कम

SYL नहर में इन दिनों सफाई का काम चल रहा है। इसके चलते नहर में पानी काफी कम है। इसके बावजूद कई जगह पानी करीब 4 फुट तक गहरा है और इतनी गहराई में मगरमच्छ आराम से रह सकता है। पानी कम होने के बाद भी उसे पकड़ने के लिए सही समय और योजना की जरूरत है।

बड़ी टीम के साथ करेंगे रेस्क्यू

गोताखोर ने बताया कि मगरमच्छ को रेस्क्यू करने के लिए बड़ी टीम की जरूरत पड़ेगी। वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम के साथ रेस्क्यू चलाया जाएगा। थोड़ा और पानी कम होने पर जाल की मदद से उसे रेस्क्यू करने की कोशिश की जाएगी।

मुंडाखेड़ा की ड्रेन में भी दिखा मगरमच्छ

मगरमच्छ दिखने का यह अकेला मामला नहीं है। ज्योतिसर के पास मुंडाखेड़ा गांव की ड्रेन में भी मगरमच्छ देखा गया। नहर में पानी कम होने के कारण कई मगरमच्छ ड्रेन में पहुंच गए। ड्रेन के आसपास आबादी नहीं है, लेकिन इसके पास बने पुल से लोगों का आना-जाना रहता है।

ड्रेन में दिखाई दिए मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल लगाया गया है। इसे जल्द रेस्क्यू किया जाएगा, लेकिन ड्रेन में एक से ज्यादा मगरमच्छ हो सकते हैं। अभी करीब 4 फीट लंबा मगरमच्छ दिखा है। इसलिए पूरी जांच-पड़ताल के साथ ही रेस्क्यू किया जाएगा।