- RLV अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक का मौका
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा ली जाने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 का आयोजन इसी साल किया जाना है। इसके लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा सरकार को प्रपोजल भी भेजा गया है। जिसको हरी झंडी मिलते ही एचटेट एग्जाम की तिथियों की घोषणा हो जाएगी। उम्मीद है कि 26-27 दिसंबर को एग्जाम लिया जा सकता है।
कोर्ट द्वारा हर साल एचटेट परीक्षा करवाने के निर्देश दिए गए थे। जिस वजह से शिक्षा बोर्ड हर साल एचटेट ले रहा है। बीच में एचटेट की देरी होने के कारण एचटेट 2025 का आयोजन 4-5 जुलाई 2026 को करवाया गया था, जिसका रिजल्ट आ चुका है। शिक्षा बोर्ड प्रशासन द्वारा इसी साल एचटेट-2026 करवाने की तैयारी चल रही है।
26-27 दिसंबर को हो सकता है एचटेट
जानकारी के अनुसार, एचटेट परीक्षा को लेकर शिक्षा बोर्ड ने एग्जाम से संबंधित एजेंसियों का भी चयन किया जा चुका है और टेंडरिंग प्रक्रिया की जा चुकी है। जिसमें बॉयोमैट्रिक, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर फ्रिस्किंग, ऑनलाइन आवेदन एवं डेटा प्रोसेसिंग आदि शामिल हैं। वहीं अब एचटेट परीक्षा की तिथि घोषणा करने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा 26-27 दिसंबर को एग्जाम करवाने के लिए प्रपोजल भेज दिया है। उम्मीद है कि सरकार द्वारा मुहर लग जाएगी।
एचटेट-2025 का 16.57% रहा रिजल्ट
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET-2025) का रिजल्ट 22 अगस्त को घोषित किया था। इसमें 31 हजार 847 स्टूडेंट पास हुए। कुल मिलाकर तीनों लेवल का रिजल्ट 16.57% रहा है, जो पिछले 10 साल में सबसे अच्छा था। इससे पहले 2016 में 22.08% अभ्यर्थी पास हुए थे।
इस बार 2.33 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन किया था। इनमें से एक लाख 66 हजार 137 लड़कियां थीं। रजिस्ट्रेशन कराने वालों में से 1.92 लाख ने ही एग्जाम दिया। 4 और 5 जुलाई को ये परीक्षा हुई थीं।
प्राइमरी टीचर (लेवल-1) का रिजल्ट सबसे खराब रहा, इसमें सिर्फ 3.53% अभ्यर्थी ही पास हुए। कुल 31402 स्टूडेंट्स ने पेपर दिया था। ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (लेवल-2) में सफलता प्रतिशत सबसे अधिक 20.71 रहा। कुल 99 हजार 896 ने पेपर दिया था। पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (लेवल-3) में 16.5% अभ्यर्थी सफल रहे। कुल 60 हजार 922 स्टूडेंट्स ने पेपर दिया था।
6-7 नवंबर को होगी बायोमेट्रिक
HTET-2025 के अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवाने का अवसर दिया गया है। अभ्यर्थी 6 व 7 नवंबर को शिक्षा बोर्ड मुख्यालय, भिवानी पर उपस्थित होकर अपनी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवा सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए केवल एक अथवा दो अवसर मिले हैं और जिनका परीक्षा परिणाम RLV (Result late due to verification) दर्शाया गया है। ऐसे अभ्यर्थियों को 6 व 7 नवंबर को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए अवसर दिया जा रहा है।
शिक्षा बोर्ड द्वारा दिए गए तीनों अवसरों पर यह प्रक्रिया पूर्ण करने में अनुपस्थित रहे हैं, ऐसे अभ्यर्थी 6 नवंबर तक शिक्षा बोर्ड मुख्यालय, भिवानी पर रूम नंबर-28 में इस आशय का प्रतिवेदन देते के लिए एचटेट परीक्षा से संबंधित इंफोर्मेशन बुलेटिन में वर्णित फीस/जुर्माना राशि जमा करवाकर 6 नवंबर से 7 नवंबर तक अपनी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। अभ्यर्थियों द्वारा बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए अपना फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र तथा मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) लेकर आना अनिवार्य होगा।
बोर्ड सचिव ने कहा- इसी साल करवाएंगे एचटेट
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि एचटेट-2026 का आयोजन इसी साल करवाया जाएगा। हालांकि अभी सरकार के पास प्रपोजल भेजा गया है। सरकार द्वारा मुहर लगने के बाद तिथियों की घोषणा भी कर दी जाएगी। हालांकि शिक्षा बोर्ड एचटेट को लेकर पूरी तरह से तैयार है और इसकी साल एचटेट करवाने के लिए जुटा हुआ है। बेहतर ढंग से एचटेट का आयोजन करवाया जाएगा।