- पिता की गोद में दम तोड़ा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के रोहतक में डेढ़ साल की बच्ची की मौत के बाद परिवार ने नेत्रदान का फैसला किया है। भिवानी से आई डॉक्टरों की टीम बच्ची के नेत्र लेकर PGI के आई बैंक ले गई।
बच्ची आस्था की 14 अक्टूबर की शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिवार उसे पास के ही एक अस्पताल में ले गया, डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। इस दौरान उसे 106 डिग्री बुखार भी था।
डॉक्टरों ने अगले दिन उसे पीजीआई रेफर कर दिया, मगर रास्ते में ही पिता की गोद में बच्ची ने दम तोड़ दिया। परिवार एक सामाजिक संस्था से जुड़ा है। उन्होंने पहले ही मौत के बाद अंगदान का संकल्प लिया है।
पिता दीपक का कहना है कि वे बेटी के बड़ा होने पर उसे डॉक्टर बनाना चाहते थे। वहीं, आस्था की मां उसे सिविल सर्विस में भेजना चाहती थी।
आंगन में खेल रही थी, अचानक बिगड़ी तबीयत
महम निवासी दीपक परुथी ने बताया कि बुधवार शाम बेटी आस्था आंगन में खेल रही थी। शाम को अचानक उसकी तबीयत खराब होने लगी। परिवार ने उसे दवाई दी, लेकिन बुखार कम नहीं हुआ। बच्ची का शरीर काफी गर्म हो गया और हालत बिगड़ती गई।
दीपक के अनुसार, 15 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 4 बजे वे आस्था को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से भी डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। जैसे ही हम उसे पीजीआई के लिए लेकर निकले आस्था ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
फरवरी 2025 में जन्म, घर में अब एक बेटा
दीपक ने बताया कि आस्था का जन्म 18 फरवरी 2025 को हुआ था। उनका एक 3 साल का बेटा भी है। बेटी के जन्म से परिवार में खुशियां बढ़ गई थीं। वो अब धीरे-धीरे बोलना सीख रही थी। कुछ महीनों से धीरे-धीरे चलने भी लगी थी। अब उसकी अचानक मौत से परिवार टूट गया है।
पहले ही भर रखा था दान का फॉर्म
दीपक अपने भाई सोनू के साथ होलसेल का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार एक धार्मिक संस्था से जुड़ा है। इसी के चलते पहले ही मृत्यु के बाद आंखें और शरीर दान करने का फॉर्म भर रखा था। बेटी की मौत के बाद परिवार ने उसी संकल्प के अनुसार नेत्रदान का निर्णय लिया।
रोहतक में पहली बार डेढ़ साल की बच्ची का नेत्रदान
सिविल अस्पताल से रिटायर आई विशेषज्ञ दिनेश शर्मा ने बताया कि रोहतक जिले में डेढ़ साल की बच्ची के नेत्रदान का यह पहला मामला है। नवजात से लेकर 90 साल तक के व्यक्ति के नेत्रदान किए जा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार को प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।