October 16, 2026
16 oct 5
  • बोले-फैसला वापस नहीं लिया तो प्रदेशभर में आंदोलन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  कैथल जिले के पूंडरी में विधायक सतपाल जांबा और बिजली निगम के 2 जूनियर इंजीनियरों के बीच विवाद के चलते अब निगम के कर्मचारियों ने काम नहीं करने की चेतावनी दी है। आज कर्मचारी पूरी तरह से काम को बंद रखेंगे। वे सुबह 9 बजे से लेकर शाम को 5 बजे तक हड़ताल पर रहेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक दोनों जेई के ट्रांसफर को रद्द नहीं किया जाता, तब तक वे विरोध जताते रहेंगे।

हालांकि ट्रांसफर के बाद दोनों जूनियर इंजीनियरों सुनील कुमार और नरेश कुमार को कैथल से रिलीव कर दिया गया है, लेकिन दोनों जेई ने अभी तक नए जगहों पर जॉइनिंग नहीं की है। उनका कहना है कि यह तबादला रंजिशन किया गया है, जिसे वे नियमानुसार नहीं मानते।

वे कर्मचारियों के साथ मिलकर पूंडरी बिजली निगम कार्यालय में धरने पर बैठे हैं। जॉइनिंग नहीं करने के कारण दोनों का वेतन भी रोक दिया गया है। वहीं, विधायक सतपाल जांबा ने आरोप लगाया कि दोनों जेई काम नहीं कर रहे थे और कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

आंदोलन की चेतावनी

धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी दोनों जेई के समर्थन में आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं। एचएसईबी वर्कर्स यूनियन से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में कर्मचारी प्रदेश स्तरीय बैठक करेंगे। यह तबादला रंजिशन किया गया है।

अगर जल्द ही इस फैसले को वापस नहीं लिया गया तो वे पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे। यूनियन के प्रधान जितेंद्र बाकल, राममेहर, प्रवीन, सुशील और कुलदीप सिंह सहित अन्य कर्मचारियों का कहना है कि जूनियर इंजीनियरों का तबादला तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए।

धरना खत्म न करने की चेतावनी

बता दें कि कैथल जिले के पूंडरी सीट से BJP विधायक सतपाल जांबा की सिफारिश पर बिजली निगम के 2 जूनियर इंजीनियरों (JE) सुनील कुमार और नरेश का ट्रांसफर कर दिया गया। दोनों जेई ने इसे रंजिशन में किया गया ट्रांसफर बताते हुए नए स्थान पर जॉइन करने से इनकार कर दिया।

विवाद बढ़ने पर बिजली निगम के अन्य कर्मचारी भी इस विवाद में कूद पड़े और धरना शुरू कर दिया। विधायक भी इस मामले को लेकर सख्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जेई तानाशाही कर रहे हैं। मैं उनके खिलाफ एक्शन लूंगा, सस्पेंड कराऊंगा।