October 9, 2026
9 oct 5
  • रजिस्ट्रेशन से ऑर्थो वार्ड तक सेवाएं प्रभावित

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  भिवानी के पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन और अस्पताल प्रशासन हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) कर्मचारियों को लेकर आमने आसने आ गया है। 27 HKRN कर्मचारियों मेडिकल कॉलेज से हटाकर फिर से जिला अस्पताल में ड्यूटी के लिए बुला लिया है।

जिसके कारण रजिस्ट्रेशन करवाने (पर्ची बनवाने) के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, क्योंकि इन 27 कर्मचारियों में 5 कर्मचारियों की ड्यूटी रजिस्ट्रेशन के लिए लगी थी। 5 कर्मचारी हटने के बाद पर्ची बनवाने के लिए लंबी लाइनें लग रही है।

इसके अलावा ऑर्थो और सर्जरी वार्ड में तैनात 9 कर्मचारियों के वापस बुलाने के बाद अटेंडेंट नहीं होने के कारण मरीज सीधे डॉक्टर रूम में जा रहे हैं, जिसके कारण मरीज को संभालने में डॉक्टरों को दिक्कत हो रही है। जो काम अटेंडेंट को करना चाहिए, वही काम अब डॉक्टर कर रहे हैं।

इधर, मेडिकल कॉलेज प्रशासन कर्मचारियों को अपने पास रखना चाहता है और इसके लिए प्रयास में जुटा है। वहीं अस्पताल प्रशासन उसे अपने पास बुला रहा है। ऐसे में कर्मचारी भी इसी संकट में है कि वे मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी करें या फिर अस्पताल में। इसके चलते मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि कर्मचारियों की कमी के कारण व्यवस्था भी खराब हो रही है।

दो महीने में ही वापस बुलाए कर्मचारी

बता दें कि 27 जुलाई को जारी पत्र में HKRN के तहत लगे 28 कर्मचारियों की ड्यूटी पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में लगाई गई थी। जिन्हें अब नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी द्वारा पत्र जारी करके उनमें से 27 कर्मचारियों की ड्यूटी वापस नागरिक अस्पताल भिवानी में कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए लगा दी है।

इन HKRN के 27 कर्मचारियों में एक सुपरवाइजर, एक डीईओ, 3 टेलीफोन ऑपरेटर, एक लिफ्ट ऑपरेटर, 8 वार्ड सर्वेंट, 10 स्विपर, 3 सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। इनमें से 5 की ड्यूटी रजिस्ट्रेशन में (पर्ची बनाने के लिए), एक लिफ्ट ऑपरेटर, 5 को ओटी में, 9 को ऑर्थो-सर्जरी वार्ड में, 2 को अल्ट्रासाउंड में, 2 को एक्सरे में, 2 की बतौर स्वीपर ड्यूटी लगाई गई है।

मंत्री आरती राव के सामने भी आ चुका विवाद

मेडिकल कॉलेज डायरेक्टर और सीएमओ विवाद स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के सामने तक आ चुका है। उस दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने दोनों अधिकारियों को चंडीगढ़ बुलाने की बात कही थी।

इसके अलावा भी कई बार मेडिकल कॉलेज डायरेक्टर व सीएमओ के विवाद को लेकर कई बार स्थानीय नेता भी बात रख चुके हैं। इसके बाद अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन और अस्पताल प्रशासन का नया विवाद सामाने आ गया है।

अस्पताल के 84 कर्मचारी मेडिकल कॉलेज में तैनात

पीएमओ डॉ. बलवान सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद से अस्पताल में लगे करीब 84 कर्मचारी मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जिसमें से 20-25 स्टॉफ नर्स हैं। वहीं अन्य एचकेआरएन के तहत लगे कर्मचारी शामिल हैं। वहां कर्मचारी शिफ्ट होने के कारण अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

इसलिए कर्मचारियों को बुलाने के लिए कहा गया था, लेकिन अभी तक कर्मचारी मेडिकल कॉलेज में ही ड्यूटी दे रहे हैं। जबकि मेडिकल कॉलेज की जो स्टॉफ नर्स अस्पताल में लगाई गई थी, उनको तुरंत वापस बुला लिया था। अस्पताल में लगे कर्मचारियों को मेडिकल कॉलेज में रखकर यहां की सेवाएं प्रभावित की जा रही हैं।

आला अधिकारियों को शिकायत की

पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरज परिहार ने बताया कि अस्पताल से एचकेआरएन के 27 कर्मचारी मेडिकल कॉलेज में लगाए गए थे। लेकिन अब उनको वापस बुला लिया है, ऐसे में व्यवस्था खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसकी शिकायत आला अधिकारियों को भी की गई है। जिसके बाद आला अधिकारी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था खराब की जा रही है। लेकिन सभी व्यवस्थाएं बनाएं रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे।