- केलों के नीचे छिपाया था ₹50 लाख का डोडापोस्त
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कैथल में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे पर हुए एक एक्सीडेंट में ड्रग स्मगलिंग का भंडाफोड़ हुआ है। केलों से भरे राजस्थान नंबर के ट्रक में 40 कट्टे डोडापोस्त भरकर जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
ड्रग लेकर जा रहा ट्रक तेज रफ्तार में था। खरक पांडवा गांव के पास पहुंचते ही ड्राइवर ने रोड किनारे खराब खड़े HR नंबर के एक दूसरे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए।
केले और डोडापोस्त के कट्टे सड़क पर बिखर गए। वहीं दोनों ट्रकों के ड्राइवर और एक मैकेनिक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है। डोडापोस्त को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पढ़िए…डोडापोस्त से भरे ट्रक का एक्सीडेंट कैसे हुआ
जम्मू हाईवे पर खराब हुआ ट्रक: गुरुवार देर रात दिल्ली से कैथल की ओर आ रहा एक ट्रक में जम्मू नेशनल हाईवे पर खराब हो गया। ड्राइवर ने खरक पांडवा के पास ट्रक रोड किनारे ही खड़ा कर दिया। इसके बाद अनिल ने एक स्थानीय मैकेनिक रामनिवास को कॉल कर ट्रक ठीक करने के लिए बुला लिया।
ड्राइवर-मैकेनिक ट्रक ठीक करने लगे: रामनिवास और ड्राइवर अनिक ट्रक के नीचे घुसकर उसे ठीक करने की कोशिश करने लगे। जबकि हेल्पर दूर खड़ा होकर कुछ अन्य काम करने लगा। इसी दौरान जम्मू की तरफ से केलों और डोडापोस्त से भरे राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने इस ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।
पीछे से आए ट्रक ने मारी टक्कर: दोनों ट्रकों के ड्राइवर और मैकेनिक रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। हेल्पर भी एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कलायत थाना पुलिस ने मृतकों के शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाकर डोडापोस्त को कब्जे में ले लिया है।
परिवार में अकेले कमाने वाले थे मृतक
मृतक ट्रक ड्राइवर अनिल कुमार जींद के उचाना के रहने वाले थे। उनके चाचा कुलदीप ने बताया कि ट्रक अनिल का ही था। परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। अनिल की मौत से परिवार का सहारा छिन गया।
वहीं, मृतक मैकेनिक रामनिवास खरक पांडवा के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक रामनिवास भी परिवार में अकेले कमाने वाले थे।
केलों के नीचे छिपा था 8 क्विंटल डोडापोस्त
कलायत थाना के जांच अधिकारी ASI विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे के बाद जांच के दौरान राजस्थान नंबर के ट्रक से करीब 40 कट्टों में 8 क्विंटल डोडा-पोस्त बरामद हुआ। नशीला पदार्थ केलों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
एएसआई ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और कहां पहुंचाया जाना था। मामले में जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।