September 9, 2026
9 sep 8
  • सूरजपुर बना नया हॉटस्पॉट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  मानसून के जाते-जाते जिले में वेक्टर बॉर्न डिजीज (डेंगू-मलेरिया) ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। पंचकूला में बीते एक सप्ताह में अचानक डेंगू के मामलों में उछाल आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जिले में अब तक डेंगू के 14 कन्फर्म केस दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 5 से ज्यादा मामले अकेले पिछले एक हफ्ते में सामने आए हैं।

वहीं, डेंगू से पिंजौर के 21 वर्षीय युवक की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। पिंजौर के रामपुर सिउड़ी निवासी संजू (21) की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजनों ने उसे पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया था।

मृतक संजू ऑटो रिपेयरिंग का काम करता था और अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है।

सूरजपुर बना डेंगू का गढ़, मलेरिया के भी 8 मरीज मिले

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सूरजपुर क्षेत्र डेंगू का नया हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। सूरजपुर से सबसे ज्यादा 5, कालका और अर्बन पंचकूला से 2-2, जबकि पिंजौर, मोरनी और रायपुररानी से 1-1 मरीज मिला है।ओल्ड पंचकूला में मलेरिया के सबसे अधिक 6 मरीज मिले हैं। वहीं पिंजौर और अर्बन पंचकूला से 1-1 मामला सामने आया है।

18 हजार घरों की जांच, 3500 को नोटिस

  • 80 ब्रीडर चेकर तैनात: विभाग ने फील्ड में 80 ब्रीडर चेकर उतारे हैं, जिन्होंने अब तक 18,000 से अधिक घरों में पानी की टंकियों और कूलरों की जांच की है।
  • 3500 घरों को नोटिस: जांच के दौरान करीब 3500 घरों में मच्छर का लार्वा पाया गया, जिन्हें तुरंत नोटिस थमाया गया है। सबसे ज्यादा नोटिस ओल्ड पंचकूला और कालका में जारी किए गए हैं।
  • अस्पताल में डेंगू वार्ड रिजर्व: अर्बन एरिया के अस्पताल में 5 से 6 बेड का विशेष डेंगू वार्ड रिजर्व रखा गया है।
  • फॉगिंग और संवेदनशील इलाके: नगर निगम द्वारा घनी आबादी वाली कॉलोनियों में रूट चार्ट बनाकर फॉगिंग कराई जा रही है। अधिक तालाब होने के कारण कालका को अति-संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है।