- जुड़ नहीं पाया तो डॉक्टरों ने 15 टांके लगाए
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के फतेहाबाद में घर की छत पर मोमोज बना रहे एक व्यक्ति पर बंदरों ने हमला कर दिया। एक बंदर ने उसके मुंह पर झपट्टा मारकर कान काट लिया। कान का एक हिस्सा कटकर जमीन पर गिर गया। व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
परिजन खून से लथपथ हालत में उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि कान का टुकड़ा नहीं जुड़ पाएगा। इसके बाद उसे 15 टांके लगाए गए। फिलहाल व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
छत पर मोमोज बना रहा था
वार्ड नंबर 3 निवासी विनोद सोनी ने बताया कि वह फास्ट फूड का काम करता है। रविवार शाम वह अपने घर की छत पर मोमोज बनाने की तैयारी कर रहा था। पास के घर की छत पर रखी पानी की टंकी में बंदर नहा रहे थे। इसी दौरान एक बंदर ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
बर्तन फेंकने पर भागा बंदर
विनोद ने बताया कि वह उस समय अपने काम में लगा हुआ था और उसे बंदर के आने का पता नहीं चला। बंदर ने जैसे ही उसके मुंह पर झपट्टा मारा, उसने बर्तन उठाकर उसकी तरफ फेंका। इसके बाद बंदर वहां से भाग गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए।
डॉक्टर बोले- कान का टुकड़ा नहीं जुड़ेगा
विनोद ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें कहा कि कटकर अलग हुआ कान का टुकड़ा दोबारा नहीं जुड़ सकेगा। इसके बाद वह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज गया, जहां भी कान का टुकड़ा नहीं जुड़ सका। डॉक्टरों ने उसके कान पर टांके लगाए। बंदर के हमले में उसका काफी खून बह गया था।
टीम ने पहुंचकर बंदर पकड़े
वार्ड नंबर तीन से पार्षद सुरेंद्र डीगवाल ने बताया कि जैसे ही उन्हें पता चला कि विनोद पर बंदरों ने हमला किया है, वे लोग उसे अस्पताल ले गए। इसके बाद नगर परिषद के अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद टीम ने वार्ड में पहुंचकर बंदरों को पकड़ा।