- प्रतिभागियों को खड़ा होकर देखता रहा सुरक्षा अमला
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रेवाड़ी में मैराथन के प्रतिभागी मेडल के लिए एक दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते देखे गए। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। घटना उस समय की बताई जा रही है, जब अधिकारी मुख्यमंत्री के काफिले के साथ व्यस्त थे। इस दौरान मंच संचालक और सुरक्षा अमला रोकने की बजाय इसे खड़ा होकर देखता रहा।
हॉफ मैराथन के लिए जिलेभर से 52,745 पुरुष और 39,093 महिलाओं ने पंजीकरण करवाया था। हजारों की संख्या में प्रतिभागी मैराथन में शामिल होने पहुंचे। जिनमें युवाओं के साथ महिलाओं- बच्चों सहित हर उम्र के लोग शामिल हुए।
जानिए क्या था पूरा मामला
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार सुबह राव तुलाराम पार्क से हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। मैराथन शुरू होने के बाद सीएम स्वयं पैदल दौड़ने लगे। अधिकारियों का काफिला भी उनके साथ दौड़ने लगा। जिससे मंच पर केवल मंच संचालक और सुरक्षा कर्मी रह गए। मुख्यमंत्री और अधिकारियों के पहुंचने से पहले मैराथन के प्रतिभागी मंच के पास पहुंचना शुरू हो गए। प्रतिभागियों की भीड़ अचानक मंच पर चढ़ गई और मेडल के लिए एक दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। जिससे मंच पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मोनू कुमार व सरिता पाल विजेता
10 किलोमीटर हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में मोनू कुमार और महिला वर्ग में सरिता पाल ने पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में धर्मेंद्र दूसरे और रामसंगरूप तीसरे स्थान, जबकि महिला वर्ग में सोनिका दूसरे और नीता रानी तीसरे स्थान पर रही। विजेताओं को क्रमश 1-1 लाख, 50-50 हजार और 21-21 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र लिया दिया गया। 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग में यश पहले, पंकज दूसरे व शंकर दयाल तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में पूजा प्रथम, सोनिया दूसरे और नीलम तीसरे स्थान पर रही। पहले तीन विजेताओं को 5100, 3100 और 2100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। मैराथन में भाग लेने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ी।
भीड़ को नियंत्रित करते दिखे एसपी
अभय सिंह चौक से बालाजी मार्केट तक दिल्ली रोड पर दोनों तरफ लोग ही लोग नजर आ रहे थे। जिसके चलते एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा मंच से नीचे उतरकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वयं भीड़ को नियंत्रित करते दिखाई दिए। हरियाणवी कलाकारों की धुन पर भी प्रतिभागी झूमते देखे गए।
सीएम बोले- यह युवाओं के भविष्य की लड़ाई
मैराथन में उमड़ी भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि रेवाड़ी के युवाओं ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अब बस इसे बनाए रखने की जरूरत है। यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने की लड़ाई है। जिसके लिए सरकार कृत संकल्प है और प्रदेश से नशे को जड़ से खत्म करने की दिशा में हर संभव कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए गठित टॉस्क फोर्स में सरपंच और वार्ड पार्षदों को भी शामिल किया गया है।
मौसम का भी मिला साथ
रेवाड़ी में शुक्रवार और शनिवार को दिनभर रूक-रूककर बूंदाबांदी होती रही। जिससे रविवार को होने वाली मैराथन में मौसम के खलल डालने की आशंका बनती जा रही थी। इसके उल्ट रविवार सुबह दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। दोपहर बाद कुछ धूप भी देखने को मिली। मैराथन का सफल आयोजन होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।