September 5, 2026
5 sep 14
  • गलत बिल से बीपीएल कार्ड भी कट रहे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में बिजली निगम की फैमिली आईडी से बिजली बिल मैप करने और गलत बिल हटाने की वेबसाइट करीब एक महीने से बंद है। इस कारण प्रदेशभर के बिजली उपभोक्ताओं को अपनी फैमिली आईडी में कनेक्शन जुड़वाने या गलत कनेक्शन हटवाने में परेशानी हो रही है।

इस समस्या का सबसे ज्यादा असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ा है, जिन्होंने 2 किलोवॉट में स्टेट सब्सिडी सोलर नेट मीटर लगवाए हैं। कई घरों में सोलर सिस्टम लगे हुए करीब एक महीना हो चुका है, लेकिन फैमिली आईडी में बिजली बिल मैप नहीं होने से नेट मीटर की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली निगम के दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं, जिन परिवारों की फैमिली आईडी में गलत व्यक्ति का बिजली बिल मैप हो गया है, वे उसे हटवा नहीं पा रहे हैं। गलत बिल मैप होने से परिवार की आय ज्यादा दिख रही है, जिससे बीपीएल और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ रुक रहा है।

एक तरफ प्रदेश सरकार लोगों को सोलर लगवाने के लिए लगातार जागरूक कर रही है और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है। वहीं दूसरी तरफ फैमिली आईडी और बिजली बिल मैपिंग से जुड़ी तकनीकी समस्या का समाधान नहीं होने से सोलर लगाने के बाद की जरूरी प्रक्रियाएं अटकी हुई हैं।

केस-1: सीसवाला के उपभोक्ता परेशान

सीसवाला निवासी हनुमान, दीपक और लीला राम ने बताया कि उनके घरों में सोलर लगे करीब एक माह हो चुका है। फैमिली आईडी की वेबसाइट बंद होने के कारण बिजली बिल फैमिली आईडी से लिंक नहीं हो पा रहा है। इसके लिए वे कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

केस-2: सोलर लगने के बाद भी नेट मीटर का इंतजार

बलजीत निवासी गुरेरा, भिवानी ने बताया कि उन्होंने करीब एक माह पहले अपने घर पर सोलर लगवाया था। वह कई बार बिजली निगम कार्यालय सिवानी के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन फैमिली आईडी में बिजली बिल मैप नहीं होने के कारण अभी तक सोलर का नेट मीटर नहीं लग पाया है।

केस-3: गलत बिजली बिल मैप होने से बढ़ी आय

एक उपभोक्ता कर्मवीर ने बताया कि उसके पिता की फैमिली आईडी में किसी अन्य व्यक्ति का बिजली बिल गलत तरीके से मैप हो गया है। कई बार कार्यालय जाने के बाद पता चला कि बिजली बिल मैपिंग से संबंधित वेबसाइट ही बंद है। गलत बिल मैप होने के कारण फैमिली आईडी में आय बढ़ गई है, जिसके चलते बीपीएल सहित अन्य सरकारी लाभ बंद होने की स्थिति पैदा हो गई है।

एक-दो दिन में ठीक हो जाएगी समस्या : एक्सईएन

वहीं, दक्षिण हरियाणा बिजली निगम हिसार के एक्सईएन रविंद्र का कहना है कि फैमिली आईडी से कोई सोलर नेट मीटर नहीं अटका हुआ है। कोई टेम्पररी इश्यू आया हुआ है तो एक- दो दिन में ठीक हो जाएगा। लंबे समय से साइट बंद होने की जानकारी नहीं है।