September 5, 2026
5 sep 3
  • नारनौल में दूध-घी होंगे महंगे, पंचायत ने तय किए रेट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में दूध व देशी घी के दाम बढ़ने वाले हैं। इसको लेकर ग्रामीण दूध विक्रेता लामबंद हो गए हैं। शहर के साथ लगते गांव फैजलीपुर (कादीपुर) में शुक्रवार को पंचायत घर में आयोजित ग्राम पंचायत की बैठक में दूध और देसी घी के नए दाम तय किए गए।

इसका असर नारनौल शहर व जिला महेंद्रगढ़ पर पड़ेगा। बैठक की अध्यक्षता गांव के नंबरदार सूबेसिंह ने की। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नए रेट 5 सितंबर 2026 से पूरे गांव में लागू होंगे। साथ ही तय किए गए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

भैंस का दूध अब मिलेगा 80 रुपए

पंचायत के निर्णय के अनुसार भैंस के दूध का मूल्य 80 रुपए प्रति लीटर तथा गाय के दूध का मूल्य 60 रुपए प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार भैंस के देसी घी का भाव 1500 रुपये प्रति किलोग्राम और देसी गाय के घी का मूल्य 2000 रुपए प्रति किलोग्राम तय किया गया है।

सभी एक ही रेट में बेचेंगे

बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से इन दरों को स्वीकार करते हुए निर्णय का पालन करने की शपथ ली। पंचायत का कहना है कि गांव में दूध और घी की खरीद-फरोख्त इन्हीं निर्धारित दरों पर की जाएगी, ताकि सभी लोगों के लिए एक समान व्यवस्था बनी रहे और अनावश्यक मूल्य प्रतिस्पर्धा पर रोक लगाई जा सके।

11 हजार का लगेगा जुर्माना

पंचायत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित दरों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए गांव के लोग स्वयं निगरानी करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों की जानकारी पंचायत को देंगे।

गांव के हित में फैसला

पंचायत ने सभी ग्रामीणों से सामूहिक निर्णय का सम्मान करते हुए नियमों का पालन करने की अपील की। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने गांव के हित में लिए गए इस फैसले का समर्थन किया।