- इस बार पहले गीतास्थली जाएंगे, फिर जन्मोत्सव में होंगे शामिल
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी आज जन्माष्टमी के मौके पर कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। दोपहर को उनका गीता स्थली ज्योतिसर पहुंचना प्रस्तावित है। इसके बाद CM शाम को लाडवा के रामकुंडी में आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होंगे। पिछले साल भी CM ने कुरुक्षेत्र में जन्माष्टमी का त्योहार मनाया था।
उन्होंने यहां गुर्जर धर्मशाला आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसके बाद वे गीता ज्ञान संस्थानम् गए थे। यहां उन्होंने जन्माष्टमी पर पूजा-अर्चना के बाद कान्हा को झूला झुलाकर जन्माष्टमी मनाई थी। अब एक साल बाद फिर मुख्यमंत्री जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं।
पहले ज्योतिसर, फिर लाडवा पहुंचेंगे
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मुताबिक, वे दोपहर करीब 2:30 बजे ज्योतिसर में गीता स्थली आएंगे। यहां माथा टेककर ज्योतिसर में चल रहे विकास कार्य की फीडबैक लेंगे। इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री लाडवा जाएंगे। यहां रामकुंडी में शाम 7 बजे श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
गाय को खिलाया था गुड़
पिछले साल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कृष्ण कृपा गोशाला में गाय को गुड़ खिलाया था। साथ ही कुरुक्षेत्र की 19 गोशालाओं के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपए चारे के लिए अनुदान राशि देने का ऐलान किया था। इस बार वे पहले ज्योतिसर गीत स्थली पहुंचेंगे।