August 11, 2026
11 aug 15
  • बरसाती पानी का दबाव नहीं झेल पाई फसलों को खतरा,  मरम्मत कार्य शुरू

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  रोहतक जिले में गांव सिसरोली व टिटोली के बीच ड्रेन नंबर-8 एक बार फिर टूट गई। नहर टूटने के कारण खेतों में जलभराव हो गया। नहर टूटने की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नहर को पाटने का काम शुरू किया। वहीं, ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भी नहर बंद करने का प्रयास किया।

गांव सिसरोली व टिटोली से निकलने वाली ड्रेन नंबर-8 में सुबह अचानक दरार आनी शुरू हो गई। ड्रेन में करीब 20 फुट का कटाव हो गया, जिसके कारण ड्रेन का सारा पानी खेतों में भरने लगा। ड्रेन टूटने की सूचना मिलते ही ग्रामीण खेतों की तरफ भागे और सिंचाई विभाग को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंचे अधिकारियों ने ड्रेन को ठीक करवाने का काम शुरू किया।

ड्रेन में चल रहा बरसाती पानी

ड्रेन नंबर-8 में बरसात का पानी चल रहा है। गोहाना की तरफ से आने वाली ड्रेन आधी भरी हुई है, जो बरसात के दिनों में अक्सर ओवरफ्लो हो जाती है। क्योंकि विभाग की तरफ से समय पर ड्रेन की साफ सफाई नहीं करवाता। ऐसे में हर साल ड्रेन टूटती और ओवरफ्लो होती है।

खेतों में जलभराव से फसलों को नुकसान

ड्रेन के टूटने से साथ लगते खेतों में जलभराव हो गया, जिसके कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है। धान, बाजरा व कपास की फसल पूरी तरह से नष्ट हो जाएंगी। आवश्यकता से अधिक पानी भरने के कारण पौध मिट्टी से बाहर आ गई है, जो किसानों को नुकसान है।

हर साल ड्रेन टूटने की आती है समस्या

ड्रेन नंबर-8 के हर साल टूटने की समस्या किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। ड्रेन नंबर-8 बरसाती पानी को निकालने के लिए बनाई थी, लेकिन हर साल ड्रेन टूटने से सैकड़ों एकड़ फसल में जलभराव हो जाता है, जिससे फसल नष्ट हो जाती है। किसानों ने इस समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग की।