August 3, 2026
3 aug 4
  • फतेहाबाद में चीफ इंजीनियर ने मांगी लिस्ट, मेंटेनेंस और फॉल्ट में होगा सुधार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने तकनीकी कर्मचारियों को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लेने की तैयारी कर ली है। निगम प्रबंधन ने हिसार जोन के सभी ऑपरेशन सर्किलों को आदेश जारी कर उन तकनीकी कर्मचारियों की तत्काल सूची मांगी है, जो फिलहाल कार्यालयों में लिपिकीय (क्लेरिकल) कार्य कर रहे हैं।

प्रबंधन का मानना है कि बड़ी संख्या में तकनीकी कर्मचारी दफ्तरों में बैठने के कारण शिकायत केंद्रों और बिजली लाइनों के रखरखाव का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

चीफ इंजीनियर ने जारी किया लेटर

चीफ इंजीनियर हरिदत्त की ओर से जारी लेटर में कहा गया है कि फील्ड में तकनीकी स्टाफ की कमी के कारण उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण और मेंटेनेंस कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। इसलिए अब तकनीकी कर्मचारियों को कार्यालयों में क्लेरिकल पोस्ट पर नहीं रखा जाएगा।

पत्र में हिसार जोन के सभी एसई (ऑपरेशन) सर्किलों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने कार्यालयों में क्लेरिकल कार्य कर रहे तकनीकी कर्मचारियों की सूची प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाएं ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

फील्ड में कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा निगम

निगम के इस फैसले को फील्ड स्टाफ की कमी दूर करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। यदि आदेश पर अमल होता है तो आने वाले दिनों में शिकायत केंद्रों, बिजली लाइनों की मरम्मत और फॉल्ट अटेंड करने के कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर लंबे समय से कार्यालयों में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की दोबारा फील्ड में तैनाती होने की संभावना भी बढ़ गई है।