- उमस से मिलेगी राहत, बिजली गिरने का खतरा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ ने आगामी दिनों के लिए राज्यभर में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 3 और 4 अगस्त को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात (नूंह), पलवल और फरीदाबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
मध्यम वर्षा का भी अनुमान
इसके अलावा झज्जर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का कहना है कि 5 से 7 अगस्त के बीच भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार होने वाली वर्षा से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों के लिए भी यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है।
सिरसा रहा सबसे गर्म
रविवार को जारी अधिकतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा, लेकिन यह सामान्य के आसपास बना रहा। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस सिरसा के कैनाल कॉलोनी क्षेत्र में दर्ज किया गया।
14 जिलों में कम हुई बारिश
हालांकि आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन मानसून सीजन में अब तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के 1 जून से 1 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा के कई जिले अब भी वर्षा की कमी से जूझ रहे हैं। सबसे अधिक कमी सिरसा (-65 प्रतिशत), रोहतक (-65 प्रतिशत), अंबाला (-62 प्रतिशत) और जींद (-62 प्रतिशत) में दर्ज की गई है। इसके अलावा हिसार, यमुनानगर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, फतेहाबाद और अन्य कई जिलों में भी सामान्य से कम बारिश हुई है।
8 में सामान्य बारिश
वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और कुरुक्षेत्र ऐसे जिले हैं, जहां अब तक वर्षा सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। इनमें पलवल में 202.9 मिमी, कुरुक्षेत्र में 201 मिमी, गुरुग्राम में 193 मिमी, चरखी दादरी में 181 मिमी, रेवाड़ी में 175.7 मिमी और महेंद्रगढ़ में 166.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
पेड़ों के नीचे न खड़े हो
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें। किसानों को भी खेतों में कार्य करते समय मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले तीन से चार दिनों की बारिश से प्रदेश के कई जिलों में मानसून की कमी दूर होने और जल स्रोतों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।