September 10, 2026
27 july 7
  • 3 दिन पहले CM सैनी मिलने आए

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व समाजसेवी नवीन जयहिंद को लेकर राजनीतिक गलियारों में फिर से चर्चा शुरू हो गई है। चंडीगढ़ के DGP डॉ. सागर प्रीत हुड्डा अचानक से नवीन जयहिंद के बीपीएल फ्लैट पर पहुंचे और बंद कमरे में दोनों के बीच करीब पौने घंटे तक बातचीत हुई, जिसने नई चर्चाओं को हवा देने का काम किया।

नवीन जयहिंद के बीपीएल फ्लैट पर लगातार राजनीतिक गतिविधियां अचानक से बढ़ने लगी हैं। 23 जुलाई को सीएम नायब सिंह सैनी बीपीएल फ्लैट पहुंचे, जहां अधिकारिक तौर पर कहा गया कि नवीन जयहिंद के पिता की मौत पर शोक प्रकट करने गए थे, लेकिन बंद कमरे में नवीन जयहिंद व सीएम के बीच क्या बातचीत हुई, इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं है।

डीजीपी की पौना घंटा बंद कमरे में बातचीत हुई

चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा करीब पौना घंटा नवीन जयहिंद के बीपीएल फ्लैट में रहे और बंद कमरे के अंदर दोनों के बीच बातचीत होती रही। इस दौरान कमरे में कोई तीसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था। दोनों के बीच किस मुद्दे को लेकर बात हुई, इसके बारे में किसी को नहीं पता। हालांकि नवीन जयहिंद का कहना है कि डीजीपी केवल हालचाल पूछने आए थे।

क्या भाजपा जयहिंद को पंजाब चुनाव में करना चाहती इस्तेमाल?

नवीन जयहिंद से सीएम नायब सैनी की हुई मुलाकात के बाद से चर्चा है कि क्या भाजपा नवीन जयहिंद को पंजाब चुनाव में इस्तेमाल करना चाहती है? नवीन जयहिंद ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा बनता जा रहा है, इसी फायदा पंजाब में उठाने के लिए क्या भाजपा लगातार नवीन जयहिंद से संपर्क कर रही है।

सामाजिक मुद्दे उठाकर बड़ा चेहरा बन चुके नवीन जयहिंद

नवीन जयहिंद वर्तमान समय में सामाजिक मुद्दों को उठाकर बड़ा चेहरा बन चुके है। ब्राह्मण ही नहीं, बल्कि हर वर्ग में उनकी अपनी पहचान बन चुकी है। उनकी एक आवाज पर हजारों लोग एकत्रित हो जाते है। शायद इसलिए भाजपा अब नवीन जयहिंद को भाजपा के लिए तैयार कर रही है।

सवाल- नई पारी खेलने की तैयारी में है नवीन जयहिंद

नवीन जयहिंद 2020 में आम आदमी पार्टी को छोड़ चुके है और उसके बाद किसी भी पार्टी को ज्वाइन नहीं किया। हालांकि कई पार्टियों से ऑफर भी मिले, लेकिन शामिल नहीं हुए। अब भाजपा की सक्रियता को देखते हुए चर्चा चल पड़ी है कि क्या नवीन जयहिंद भाजपा के साथ मिलकर राजनीति की नई पारी की शुरूआत करने जा रहे हैं।