July 9, 2026
9 july 8
  • यूनियन चुनाव कराने की चेतावनी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  कैथल में ऑटो यूनियन और ट्रैफिक पुलिस द्वारा ऑटो व ई-रिक्शा ड्राइवरों के आई कार्ड बनाने और वर्दी अनिवार्य करने के फैसले का ऑटो ड्राइवरों ने विरोध शुरू कर दिया है। इसके विरोध में ऑटो ड्राइवरों ने जल्द बैठक करने का निर्णय लिया है।

ऑटो ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि यूनियन के वर्तमान प्रधान उन पर अनावश्यक शर्तें लगा रहे हैं। कभी वर्दी खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं, तो कभी आई कार्ड बनवाने के लिए कह रहे हैं। उनकी खरीद भी प्रधान के माध्यम से ही करने की बात कही जा रही है, जिससे ड्राइवरों में रोष है।

प्रधान पर रुपए लेने का आरोप

ऑटो ई रिक्शा ड्राइवर नरेश, सुखदेव सिंह, कुलदीप, प्रवीन, कृष्ण व मनोज ने कहा कि वर्तमान में प्रधान संजीव कुमार ने पहले सभी ऑटो व ई रिक्शा ड्राइवरों को वर्दी खरीदने के लिए कहा था। इस पर सभी ने हामी भर दी थी। बाद में प्रधान खुद वर्दियां बनाकर उने को पांच सौ से छह सौ रुपए में बेच रहे हैं। दिनभर में उनकी इतनी कमाई भी नहीं होती तो ऐसे में वर्दी खरीदने के पैसे कहां से लेकर आएंगे।

दोबारा चुनाव करवाने की चर्चा

ऐसे ही अब ऑटो व ई रिक्शा ड्राइवरों के आई कार्ड बनाने के नाम पर किया जा रहा है। उनसे 50-50 रुपए लेकर कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान उनसे हर महीने 50-50 रुपए यूनियन के पास जमा करवाने के लिए कह रहे हैं। वे हर माह रुपए देने को तैयार नहीं है।

ऑटो ड्राइवरों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रधान ने उनकी बात नहीं मानी, तो वे दोबारा से यूनियन का चुनाव करवाएंगे और नए प्रधान को यूनियन की जिम्मेवारी सौंपेंगे।

प्रधान बोले- यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निर्णय

मामले को लेकर जब यूनियन के प्रधान संजीव कुमार से बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा कि आई कार्ड और वर्दी अनिवार्य करने का फैसला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। इससे लोगों में ऑटो ड्राइवरों के लिए विश्वास भी बढ़ा। अब आई कार्ड बनाने का फेसला भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लिया गया है।

वे ऑटो ड्राइवरों से केवल आई कार्ड बनाने में आने वाला खर्च मांग रहे हैं। किसी से कोई अतिरिक्त पैसे नहीं ले रहे। वर्दी भी ऑटो ड्राइवर खुद बनवाकर पहन सकते हैं। किसी पर कोई पाबंदी नहीं है।

नियमों का पालन अनिवार्य- एसएचओ

इस संबंध में ट्रैफिक एसएचओ सतपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ऑटो व ई रिक्शा ड्राइवरों से नियमों का पालन करवाने को लेकर कार्य कर रही है। आई कार्ड बनवाने और वर्दी का निर्णय सही है। पुलिस को इससे कोई लेना देना नहीं कि वे ड्राइवर कहां से वर्दी लेते हैं, लेकिन जो नियमों का पालन नहीं करेगा, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।