- स्पीकर कल्याण ने दिया साथ
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : 21 जून को होने वाले इंटरनेशनल योगा डे से पहले हरियाणा विधानसभा परिसर में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योगाभ्यास किया और योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सीएम सैनी ने योगाभ्यास के दौरान कपाल भाती और अनुलोम विलोम जैसे योग किए। इस दौरान स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने भी उनका साथ दिया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा सहित कई विधायक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए लोगों को योग प्रोटोकॉल से अवगत कराना और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कॉमन योग प्रोटोकॉल की ट्रेनिंग
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया। साथ ही नियमित योग करने से होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि योग न केवल बीमारियों से बचाव में सहायक है, बल्कि तनावमुक्त और संतुलित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अधिकांश देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ हरियाणा के निर्माण में योगदान दें।
पंचकूला में होगा राज्य स्तरीय आयोजन
राज्य सरकार की ओर से 21 जून को पंचकूला में राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न जिलों में योग प्रशिक्षण शिविर और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम को इसी व्यापक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से योग दिवस से पहले सरकारी कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को योग अभ्यास के लिए तैयार किया जा रहा है।