- 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मंगलवार सुबह 4 जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने सभी 23 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन तक लगातार बारिश होने की संभावना बनी हुई है। कल प्रदेश के 10 जिलों में आंधी-तूफान के बारिश हुई। आंधी से हांसी में एक टावर गिर गया, एक मकान की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नारनौल, रेवाड़ी, सोनीपत और पानीपत में लोगों को धूलभरी आंधी में परेशानी का सामना करना पड़ा। भिवानी के सिवानी में धूल का करीब 100 मीटर ऊंचा बवंडर दिखाई दिया। मंगलवार सुबह से ही सोनीपत, हिसार, महेंद्रगढ़, हांसी, कैथल, रोहतक और फतेहाबाद में बारिश हुई।
जून के शुरुआती 15 दिनों में जमकर बरसे मेघ
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 15 जून के बीच हरियाणा में प्री-मानसून की अच्छी गतिविधियां देखने को मिली हैं। इस दौरान हरियाणा में औसतन 20.3 MM बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि इस अवधि की सामान्य बारिश (17.3 MM) से अधिक है। पश्चिमी विक्षोभ के बार-बार सक्रिय होने से पलवल, रेवाड़ी, फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र जैसे जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी बरसा है।
40 डिग्री के नीचे आया पारा, फरीदाबाद सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.8°C की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद में 39.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो कि 40 डिग्री से नीचे है। वहीं, गुरुग्राम में 36.2°C और हिसार में 36.9°C पारा दर्ज हुआ। सिरसा में हाल ही में सबसे ज्यादा 19 MM बारिश दर्ज की गई है।
रात के पारे में गिरावट, उमस से राहत
दिन में चल रही ठंडी हवाओं और धूलभरी आंधी के कारण सूबे में रात के न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट आई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात का पारा सामान्य से 1.5°C से लेकर 3.1°C तक नीचे लुढ़क गया है। देर शाम और रात के समय चल रही ठंडी हवाओं की वजह से उमस भरी गर्मी गायब हो गई है।