June 15, 2026
15 june 15
  • हरियाणा के रहने वाले थे सभी, गाड़ी के परखच्चे उड़े

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में ट्रक और कार की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल है। हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में हेमासर फांटे के पास सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। एक्सीडेंट में कार के परखच्चे उड़ गए। श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक के अनुसार, हरियाणा नंबर की कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से 6 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं, जो हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले थे। वहीं एक घायल का श्रीडूंगरगढ़ के हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

बिश्नोई समाज के गुरु जम्भेश्वर के समाधि स्थल के दर्शन कर लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग बीकानेर के मुकाम में बिश्नोई समाज के गुरु जम्भेश्वर के समाधि स्थल के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से शवों और घायल को श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी लाया गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।