हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज: रोहतक में सीएम नायब सिंह सैनी आज मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क पर अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों से मिलने पहुंचे। सीएम ने दुकानदारों से बात करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि सब ठीक हो जाएगा और सरकार उनके साथ खड़ी है। इसके बाद सीएम तीनों मृतकों के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
सीएम नायब सैनी सबसे पहले डी-पार्क पहुंचे और जली हुई दुकानों का जायजा लिया। इसके बाद दुकानों के बाहर खड़े प्रभावित दुकानदारों से मिले और आश्वासन दिया कि सरकार हर तरह से मदद करने के लिए तैयार है। मृतक के परिवार वालों को 10 लाख रुपए व घायलों को 2 लाख रुपए आर्थिक मदद दी गई है।
मेरा कमाने वाला चला गया, परिवार कैसे चलेगा
नेहरु कॉलोनी में मृतक कपिल के घर सांत्वना देने पहुंचे सीएम नायब सैनी के सामने कपिल की पत्नी रोते हुए बोली कि घर में कमाने वाला ही चला गया, अब परिवार का गुजारा कैसे होगा। वहीं, कपिल का बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है, जिसके कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सीएम ने आश्वासन दिया कि सरकार उनकी हर तरह से मदद करेगी। सीएम ने कपिल के बेटे व एक बेटी से भी मुलाकात करते हुए उन्हें सांत्वना दी और कहा कि हिम्मत रखे, सब ठीक हो जाएगा। सरकार हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।
सौरभ के पिता व भाई का बंधाया ढांढस
सीएम नायब सैनी गोहाना रोड पर गुरुनानकपुरा मृतक सौरभ उर्फ रोहित खुराना के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। सीएम ने कहा कि इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ सरकार खड़ी है और किसी प्रकार की परेशानी होने नहीं दी जाएगी।
मृतक अमन की बहन के सिर पर रखा हाथ
सीएम नायब सैनी मृतक अमन यादव के घर पहुंचे और अमन की बहन से मिले। सीएम ने अमन की बहन के सिर पर हाथ टेका और कहा कि हिम्मत रखो। अमन की पत्नी व उसके दोनों बच्चों को भी हिम्मत रखने के लिए कहा। सीएम ने कहा कि दुख की घड़ी में परिवार को हिम्मत रखनी होगी।
दुकानदारों को सीएम रिलीफ फंड से तुरंत जारी होगी राशि
सीएम नायब सैनी ने कहा कि डी-पार्क पर आगजनी में दुकानें जली है, जिसमें सामान जला है। इसमें कई जूतों के शोरुम जलकर राख हो गए। सीएम रिलीफ फंड से जूतों के शोरुम वालों को 5-5 लाख रुपए तुरंत जारी किए गए है, जबकि आनंद जूस व सहगल फ्रूट जूस वाले को 2-2 लाख रुपए दिए गए है। वहीं, रेहड़ी वालों को 50-50 हजार रुपए दिए गए है।
फायर ब्रिगेड ने तेज गति से किया काम
सीएम नायब सैनी ने कहा कि पुराने बाजार है, लेकिन कुछ बाजार खुले भी है। डी-पार्क का बाजार खुला है, जहां घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर तेज गति से काम किया और 6-7 घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।