- डीसी और CTM-SDM भी महिलाएं
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : झज्जर अब देश के उन चुनिंदा जिलों में शामिल हो गया है, जहां प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था की शीर्ष जिम्मेदारियां पूरी तरह महिला अफसरों के हाथों में हैं। नई DC के रूप में वर्षा खांगवाल की नियुक्ति के बाद जिला सचिवालय से लेकर पुलिस मुख्यालय तक महिला नेतृत्व की मजबूत तस्वीर सामने आई है।
उपायुक्त (DC) के रूप में नियुक्त हुईं वर्षा खांगवाल ने प्रशासनिक व्यवस्था में एक नई पहचान जोड़ दी है। 2004 बैच की HCS अधिकारी रहीं वर्षा खांगवाल अपने बैच की टॉपर रही हैं।
मेहनत, ईमानदारी और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता के दम पर उन्होंने HCS से IAS तक का सफर तय किया। इससे पहले वे सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा और परियोजना निदेशक शिक्षा परिषद में अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं।
डीसीपी धारणा यादव एवं दीप्ति गर्ग
जिले में पहले से ही पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के तहत कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी महिला अधिकारियों के हाथों में है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में DCP धारणा यादव और DCP दीप्ति गर्ग सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटी हुई हैं।
ग्रामीण विकास का मोर्चा संभाल रही सीटीएम रितु बंसल
वहीं प्रशासनिक समन्वय और ग्रामीण विकास के मोर्चे पर CTM रितु बंसीवाल, DDPO निशा तंवर और बेरी की SDM रेणुका नांदल सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की कमान सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान संभाल रही हैं। इतना ही नही झज्जर शहर थाने की कमान भी महिला एसएचओ सरिता के हाथ में है।
जिले में महिलाओं की इस मजबूत प्रशासनिक मौजूदगी को लोग बदलाव और प्रेरणा की नई मिसाल के रूप में देख रहे हैं। जिला सचिवालय और पुलिस मुख्यालय की यह तस्वीर साफ संदेश दे रही है कि महिलाएं अब केवल भागीदारी नहीं, बल्कि नेतृत्व की पहचान बन चुकी हैं।
झज्जर का यह मॉडल अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में महिला सशक्तिकरण और प्रशासनिक नेतृत्व की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।