May 16, 2026
16 may 5
  • सोनीपत ACP लगाया, हाईकोर्ट ने एकतरफा जांच पर लगाई थी फटकार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का हिसार में काफिला रोकने और बंदूक तानने के मामले की जांच करने वाले डीएसपी कमलजीत का सोनीपत तबादला हो गया है। उनको सोनीपत में एसीपी लगाया गया है। वह हिसार में सीआईए प्रकरण की जांच कर चुके हैं और आरोपी पुलिसकर्मियों को क्लीन चिट दे चुके हैं। इसके बाद से ही वह दुष्यंत चौटाला के निशाने पर आ गए थे।

दुष्यंत ने आरोप लगाया था कि जांच ऐसे अधिकारी को सौंपी गई है जो इस पूरे प्रकरण में शामिल था। दरअसल हिसार के जीजेयू मामले में जजपा नेताओं के घर रेड कर उनको गिरफ्तार करने की टीम में डीएसपी कमलजीत भी शामिल थे। दुष्यंत ने आरोप लगाया था कि सीसीटीवी में सादी वर्दी में डीएसपी भी नजर आए थे। इसलिए उनको यह जांच नहीं सौंपी जानी चाहिए।

वहीं डीएसपी ने इस मामले में सीआईए स्टाफ को क्लीन चिट दी थी। बता दें डीएसपी कमलजीत दिसंबर 2025 में हिसार आए थे और करीब डेढ़ साल तक हिसार में सेवाएं दीं ।

दुष्यंत ने कहा-दोषी को जांच सौंप दी गई

इस पूरे विवाद के बाद दुष्यंत चौटाला ने हिसार में प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा था कि इस विवाद के पीछे गहरी साजिश है। मैं एसपी को चार बार कॉल करके कह चुका हूं, लेकिन एफआईआर की नकल नहीं दी गई। डीएसपी इस पूरे घटनाक्रम में खुद दोषी है, लेकिन उन्हें ही जांच दी गई हैं।

हरियाणा यूनिफोर्म कोड के तहत सीआईए को सादी वर्दी में रहने की परमिशन नहीं है। डीजीपी को बताना चाहिए कि किस आधार पर सीआईए आधी रात को सिविल वर्दी में रेड मारने गई थी। डीएसपी खुद रेड में शामिल था और सिविल ड्रेस में था।

15 एसपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं

गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने कई महत्वपूर्ण जिलों के डीएसपी (DSP) और एसीपी (ACP) स्तर के अधिकारियों को बदला है। इसमें सुरेश कुमार को गुरुग्राम, संदीप कुमार को सोनीपत, और कमलजीत सिंह को भी सोनीपत में एसीपी के पद पर तैनात किया गया है।

रमेश कुमार को बिलासपुर (यमुनानगर), जितेश मल्होत्रा को दूसरी बटालियन IRB (भोंडसी), और सोनू नरवाल को करनाल का डीएसपी नियुक्त किया गया है। अमरजीत सिंह और आर्यन चौधरी को टेलीकॉम विभाग में तैनात किया गया है, जबकि कपिल को गुरुग्राम में एसीपी की जिम्मेदारी दी गई है।

हाईकोर्ट ने एकतरफ जांच पर फटकार लगाई थी

हरियाणा के हिसार में सब्जी मंडी पुल पर CIA इंचार्ज पवन कुमार से हुए विवाद के मामले में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की याचिका पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में 7 मई गुरुवार को सुनवाई हुई थी। हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान हिसार पुलिस को एकतरफा जांच करने पर फटकार लगाई थी।

जजपा के वकील जसपाल सिंह पन्नू ने बताया था कि हाईकोर्ट ने पुलिस से पूछा कि शिकायतकर्ता पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को जांच में शामिल क्यों नहीं किया? साथ ही मामले में हिसार पुलिस को दोबारा शपथपत्र दाखिल करने को कहा गया। कोर्ट ने हरियाणा, केंद्र सरकार व सीबीआई को नोटिस जारी कर पूरे मामले में विस्तृत जवाब तलब किया है। अब अगली सुनवाई 22 मई को होगी।