- 1 मई तक पूरा प्रदेश ग्रीन जोन में आएगा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार को मौसम का मिजाज बदल गया। मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने सात जिलों के लिए बारिश और आंधी का आरेंज अलर्ट जारी किया है, जिनमें से यमुनानगर और पंचकूला में हल्की बारिश शुरू हो गई है, जबकि कुरुक्षेत्र, करनाल और आसपास के जिलों में तेज रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
मौसम केंद्र के अनुसार, पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा में मौसम के बदलावा का ज्यादा असर देखने को मिलेगा। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। यहां 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
बाकि हरियाणा, जिसमें अंबाला, करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत जिले शामिल है, इनमें यलो अलर्ट रहेगा। यहां 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 1 मई तक पूरा प्रदेश ‘ग्रीन जोन’ में आ जाएगा।
एक मई तक राहत मिलने की उम्मीद
मौसम विभाग के मैप के अनुसार, 29 अप्रैल को भी प्रदेश के मध्य और दक्षिण हिस्सों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि, 30 अप्रैल से मौसम साफ होना शुरू होगा और 1 मई तक पूरा प्रदेश ‘ग्रीन जोन’ में आ जाएगा। इससे लोगों को लू और धूलभरी हवाओं से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है।
फरीदाबाद रहा सबसे गर्म
प्रदेश में वर्तमान में भीषण गर्मी का प्रकोप है। 27 अप्रैल के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3°C ज्यादा दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद में 44.4°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 44.2°C और हिसार में 43.4°C पारा रहा।
हालांकि, आने वाले 24 से 48 घंटों में बारिश और अंधड़ के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे तपती दोपहर से कुछ हद तक निजात मिलेगी।
बादल छाने से रातें भी हुई गर्म
हरियाणा में केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी गर्म होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान में पिछले कल के मुकाबले औसतन 1.6°C की गिरावट जरूर हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 1.7°C ऊपर बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर में 20.3°C दर्ज किया गया, जबकि भिवानी में रात का पारा 30.5°C तक पहुंच गया, जो काफी अधिक है।
आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों के चलते रात के तापमान में भी हल्की गिरावट होने की संभावना है।