- रेखा बोलीं- दिया जाएगा नोटिस का जवाब
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला में नगर निगम मेयर चुनाव के बीच BJP सांसद रेखा शर्मा के बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। बिश्नोई सभा, पंचकूला ने चौधरी भजनलाल पर लगाए गए कथित आरोपों को निराधार और शर्मनाक बताया है। सभा ने CM को पत्र लिखकर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित नेता से तुरंत माफी मंगवाने की मांग की है।
पंचकूला बिश्नोई सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि चौधरी भजनलाल ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा, गरीबों के उत्थान और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित किया। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल न केवल व्यक्तिगत बल्कि उनकी विरासत का भी अपमान है।
सभा ने कहा कि भजनलाल ने राजनीति को हमेशा सेवा का माध्यम माना और हर वर्ग को साथ लेकर चलने की मिसाल कायम की। उनके निर्णयों से लाखों परिवारों का भविष्य संवर सका। ऐसे व्यक्तित्व पर इस प्रकार के आरोप लगाना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
दिवंगत नेता के खिलाफ ऐसी टिप्पणी अशोभनीय
राजनीति में मतभेद और विचारधाराओं का अलग होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी दिवंगत नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना नैतिक रूप से गलत है। सभा ने इसे समाज की भावनाओं को आहत करने वाला कदम बताया। सभा के प्रधान लीलू राम गोदारा ने कहा कि संबंधित नेता को तुरंत माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा इससे न केवल उनके समर्थकों में निराशा बढ़ेगी बल्कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश पैदा होगा।
अब जानिए कैसे शुरू हुआ विवाद…
सेक्टर-5 में जनसभा को संबोधित कर रही थीं सांसद रेखा शर्मा
बता दें कि, 24 अप्रैल को पंचकूला में भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल ने नामांकन दर्ज किया। इससे पहले सेक्टर-5 में जनसभा रखी गई थी। यहां रेखा शर्मा ने मंच से कहा, “श्यामलाल बंसल ने वो समय भी देखा है, जब यहां पर कांग्रेस की बदमाशी थी। जब यहां बदमाशी थी भजनलाल की और चंद्रमोहन की। पूरी तरह बदमाशी करके ये इलेक्शन जीते थे।”
भजनलाल का नाम लेने से पहले रेखा बंसीलाल भी बोल रही थीं, लेकिन वह बीच में ही रुक गईं। बाद में रेखा शर्मा ने कहा- 1996 में शामलाल बंसल को बदमाशी और धोखे से हराया गया था। बंसीलाल का नाम गलती से निकल गया। चौधरी बंसीलाल तो उस समय भाजपा के साथ चुनाव लड़ रहे थे।
चंद्रमोहन ने रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भेजा
रेखा शर्मा का वीडियो सामने आने के बाद पंचकूला से कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बड़े बेटे चंद्रमोहन ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में चंद्रमोहन ने कहा कि अगर बदमाशी से चुनाव जीते जाते, तो जनता उन्हें पांच बार नहीं चुनती। वे हमेशा पंचकूला और हरियाणा के विकास के लिए समर्पित रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भजनलाल ने कभी किसी अन्य दल के नेता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की। इसके बावजूद सांसद रेखा शर्मा ने चुनावी सभा में उनके परिवार की छवि को जानबूझकर धूमिल करने के लिए अभद्र टिप्पणी की, जो लोकतंत्र और सामाजिक मर्यादा के खिलाफ है। नोटिस में रेखा शर्मा से सात दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है।
रेखा शर्मा बोलीं- कानूनी दायरे में दिया जाएगा नोटिस का जवाब
वहीं, अपने बयान पर रेखा शर्मा ने कहा कि ये उनके निजी अनुभव पर आधारित था। उन्होंने कहा कि जब वो पार्षद का चुनाव लड़ रही थीं, तब उन्हें जिन हालातों का सामना करना पड़ा। राशन कार्ड पर उनकी फोटो के ऊपर दूसरी फोटो चिपकाई गई, उनके घर पर और उनकी गाड़ी पर पथराव किया गया, कांग्रेस पार्टी जॉइन करने के लिए उन पर दबाव बनाया गया, उसी दर्द को उन्होंने बयान किया था।
लीगल नोटिस मिलने पर रेखा शर्मा ने साफ कर दिया है कि वो हर आरोप का जवाब कानून के दायरे में ही देंगी।