December 26, 2025
WhatsApp Image 2025-12-25 at 5.52.47 PM (1)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर आगामी समय में विदेशों और कुरुक्षेत्र में और भव्य तरीके के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 का आयोजन करेगी। इस महोत्सव के जरिए पवित्र ग्रंथ गीता के संदेश देश विदेश के आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन करने के लिए पूरी योजना तैयार करेगी। अहम पहलू यह है कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के सरस और शिल्प मेले का आयोजन 5 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।  इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 14 दिसंबर से 20 दिसंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को चंडीगढ़ स्थित आवास संत कबीर कुटिर पर अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के आयोजन बारे विस्तार से चर्चा की और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के साथ-साथ विदेशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन को भव्य बनाने के लिए तथा पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को आमजन मानस तक पहुंचाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केडीबी के अधिकारियों से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 की रिपोर्ट पर भी चर्चा की है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समीक्षा बैठक के बाद कहा कि आगामी वर्ष 2026 में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के सरस और शिल्प मेले का आयोजन 5 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 14 से 20 दिसंबर 2026 तक किए जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के 21 दिन के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई है और हर कार्यक्रम का भव्य तरीके से आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के कार्यक्रमों का विदेशों और कुरुक्षेत्र में और बड़े स्तर पर भव्य तरीके से आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए विदेश मंत्रालय का सहयोग लिया जाएगा। इसके साथ ही धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को साथ लेकर महोत्सव को और भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के कार्यक्रमों का आयोजन जहां प्रदेश के सभी जिला स्तर पर किया जाएगा, वहीं आगामी वर्ष में हरियाणा के प्रमुख और बडे मंदिरों में भी गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इससे पहले गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों पर भी किया जाता था। इस मौके पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा.अमित अग्रवाल, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, केडीबी मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया सहित प्राधिकरण व केडीबी के सदस्य मौजूद थे।