हरियाणा विधानसभा में CM नायब सैनी की अगुआई वाली BJP सरकार के खिलाफ कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया।
कांग्रेस के सदन के वॉकआउट करने के बाद इसे वोटिंग के लिए रखा गया। जिसके बाद विरोधी दलों की गैरमौजूदगी में इसे सर्वसम्मति से रिजेक्ट कर दिया गया।
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने प्रस्ताव अस्वीकृत होने का ऐलान किया। सदन को अब सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
इससे पहले अविश्वास प्रस्ताव पर लंबी चर्चा चली। CM नायब सैनी ने करीब डेढ़ घंटे का भाषण दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा- “मैंने इनके अविश्वास प्रस्ताव को पढ़ा है, मैं हैरान हूं कि कहीं ये प्रस्ताव हड़बड़ी में तो नहीं ले आए। इन कांग्रेसियों ने अपने सीनियर नेता रघुवीर कादियान को बलि का बकरा तो नहीं बना दिया।”
वहीं कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस के लिए पर्ची-खर्ची की बात करती है, जबकि भाजपा के राज में यूनिवर्सिटीज में वाइस चांसलर पर्ची-खर्ची से लगाए।
वहीं शून्यकाल के बाद वंदे मातरम् पर चर्चा हुई। CM नायब सैनी ने कहा- “यह सबके लिए वंदनीय है। इस पर चर्चा बहुत जरूरी है।
इससे युवाओं को जानकारी मिलेगी। उस समय के प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को अपनी कुर्सी डोलती हुई नजर आई।”
यह सुनते ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कांग्रेस विधायक उठकर वेल में आकर बैठ गए।