May 17, 2024

हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज से सोमवार देर शाम भाजपा के संगठन महामंत्री रविंद्र राजू एवं निकाय चुनाव प्रभारी धूमन सिंह किरमिच ने मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इससे पहले निकाय चुनावों को लेकर दोनों पदाधिकारियों ने अम्बाला छावनी भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।

पदाधिकारियों ने गृह मंत्री श्री अनिल विज को चार राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत की बधाई दी। इस दौरान गृह मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा का परचम समूचे देश में लहरा रहा है। देश की जनता को भाजपा पर भरोसा है और यही वजह है कि 5 में से 4 राज्यों में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।

उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि आगामी निकाय चुनावों में भी भाजपा विजयी होगी। उन्होंने बताया कि अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र में संगठन पूरी तरह से मजबूत एवं सुढृत है और कार्यकर्ता पार्टी को आगे बढ़ाने हेतु दिन-रात मेहनत कर जनहित के कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा के संगठन महामंत्री रविंद्र राजू एवं निकाय चुनाव प्रभारी धूमन सिंह किरमिच ने कहा कि अम्बाला छावनी में गृह मंत्री श्री अनिल विज की बदौलत कई विकास कार्य हुए है और इनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अनिल विज की कार्यशैली की सभी ओर सराहना होती है और वह सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। छावनी में उनके नेतृत्व में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकजुट हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश बतौरा, महामंत्री ललित चौधरी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुप्ता डिम्पल एवं अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *