April 21, 2025
kumari selja

कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने आज देश को कई वर्ष पीछे धकेल दिया है। कुछ चंद हाथों में ही सब कुछ दिया जा रहा है। देश की संपत्तियां बेची जा रही हैं। आम नागरिक गरीब होता जा रहा है। भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का लगातार षड्यंत्र रच रही है। सरकार की गलत नीतियों के कारण ही आज देश में बेरोजगारी, महंगाई सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। भाजपा द्वारा देश भर में नफरत और झूठ को फैलाया जा रहा है। ऐसे समय में जब आम नागरिक की कोई आवाज नहीं है तो हर नागरिक की आवाज सुनने और आवाज बनने के लिए कांग्रेस पार्टी श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक 3500 किलोमीटर की पदयात्रा कर रही है। राहुल गांधी जी की इस यात्रा को देशवासियों से मिल रहे अपार जनसमर्थन और प्यार से भाजपा और आरएसएस परेशान हैं। आज श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में देश एकजुट होता जा रहा है, इससे भाजपा और आरएसएस की नींद उड़ी हुई है। इस यात्रा की सफलता से बौखलाहट में भाजपा नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

 

यह बातें कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल ग़ांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अंबाला स्थित निवास पर अंबाला, यमुनानगर एवं प्रदेश के अन्य जिलों से आए कांग्रेसजनों के विचार सुनते हुए कहीं।

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर कच्चे तेल के दाम लगातार घटते जा रहे हैं, मगर भाजपा सरकार द्वारा देश की जनता को इसका कोई लाभ नहीं दिया जा रहा। सरकार द्वारा बढ़ाई गई महंगाई के कारण लोगों की थाली से दाल-रोटी भी गायब होने लगी हैंं। हर चीज के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं।

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में युवाओं के साथ भी लगातार धोखा किया जा रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार के नाकारापन के कारण बेरोजगारी के मामले में हरियाणा के हालात देश में सबसे अधिक खराब हैं। यही वजह है कि बीते कई वर्षों से प्रदेश की बेरोजगारी दर देश में सबसे अधिक बनी हुई है। अगस्त माह में हरियाणा की बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे अधिक 37.3 प्रतिशत तक पहुँच गई है। सरकारी नौकरी की भर्तियों में सरेआम भ्रष्टाचार चल रहा है। भाजपा नेताओं की संपलिप्तता इन भर्तियों में हो रहे फर्जीवाड़ों में सामने आ रही है। सरकार भ्रष्टाचार के आरोपितों को जेल पहुँचाने की बजाय घोटालों पर ही पर्दा डालने का काम कर रही है। अग्निपथ जैसी योजना लेकर भाजपा सरकार ने युवाओं के साथ बड़ा विश्वासघात किया।

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए लाई गई नई ऑनलाइन ट्रांसफर नीति ने छात्रों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। इस नीति के कारण प्रदेश में कई स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। बच्चे मजबूरीवश धरने दे रहे हैं। जगह-जगह बच्चों के परिजनों द्वारा स्कूलों पर ताले लगाए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों के बच्चों को सुविधाएं देना तो दूर यह सरकार नई-नई नीतियां लेकर बच्चों को प्रताड़ित करने का कार्य कर रही है।

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज प्रदेश में अवैध खनन भी जोरों पर है। वर्ष 2014 में जब भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई उसी के बाद यह अवैध खनन का काला खेल शुरू हो गया था और यह निरंतर जारी है। खनन माफियाओं को सरकार का पूरा संरक्षण है। इसी कारण पिछले 8 वर्ष से ज्यादा समय से प्रदेश में प्राकृतिक संपदा की लूट निरंतर जारी है और इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। डाडम में अवैध खनन के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है और बीते दिनों नूंह में अवैध खनन रोकने गए डीएसपी की हत्या भी कर दी गई थी। मगर फिर भी प्रदेश में अवैध खनन तेजी से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *