February 11, 2026
5454654654
अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को नगर निगम की टीम ने बाड़ी माजरा रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे 18 खोखों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। पिछले बुधवार को भी निगम अधिकारियों ने इन खोखा संचालकों को खुद खोखे हटाने की चेतावनी दी थी। बावजूद इसके खोखा संचालकों ने गंभीरता नहीं दिखाई। जिसके चलते मंगलवार को निगम की टीम ने यह कार्रवाई की।
अवैध कब्जे व अतिक्रमण हटाने के लिए निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर जगाधरी जोन में सीएसआई हरजीत सिंह व यमुनानगर जोन में सुरेंद्र चोपड़ा के नेतृत्व में अलग अलग टीमें बनाई गई है। मंगलवार को यमुनानगर जोन में सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, सहायक सफाई निरीक्षक कृष्ण राणा, निगम कर्मी अ‌मर सिंह, रामकेश व होमगार्ड के जवानों के साथ की बाड़ी माजरा रोड शंभू कॉलोनी के पास पहुंचे। यहां कुछ लोगों ने सड़क किनारे अवैध रूप से खोखे व अस्थाई दुकानें बनाकर कब्जा किया हुआ था। निगम कर्मियों ने जेसीबी की मदद से इन खोखों को ध्वस्त कर दिया।
एक के बाद यहां 18 खोखों को हटाकर साफ किया गया। सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने कहा कि बाड़ी माजरा रोड से हटाए गए अवैध खोखों की लगातार शिकायतें आ रही थी। कुछ दिन पहले उन्होंने इन खोखा संचालकों को स्वयं अपना सामान उठाने व खोखों को हटाने के निर्देश दिए थे। लेकिन उन्होंने खोखों को नहीं हटाया। जिसके बाद निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण व अवैध कब्जे नहीं होने दिए जाएंगे। अवैध कब्जों व अतिक्रमण के खिलाफ निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जो भविष्य में भी जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *