November 25, 2026
25 nov 5
  • भाजपा-कांग्रेस ने कल बुलाई विधायक दल की मीटिंग, एक्सटेंशन लेक्चरर्स करेंगे घेराव

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विधानसभा के विशेष एकदिवसीय सत्र को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने सदन में अपनी-अपनी रणनीति तैयार करने के लिए 25 नवंबर को चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई है।

भाजपा की बैठक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होगी, जबकि कांग्रेस विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में होगी।

सरकार के 2 साल के कामकाज पर होगी चर्चा

भाजपा विधायक दल की बैठक में सरकार के दो साल के कार्यकाल, विकास कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विशेष सत्र में विपक्ष के सवालों का जवाब देने और सदन की कार्यवाही के दौरान पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा होगी।  वहीं, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी। विपक्ष कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और सरकार की नीतियों समेत विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठा सकता है।

26 नवंबर को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक

विधानसभा सत्र को लेकर 26 नवंबर को सुबह 10:30 बजे बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल होंगे। पहले यह बैठक 25 नवंबर को सुबह 10:30 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसकी तारीख बदल दी गई है।

विधानसभा का घेराव करेंगे एक्सटेंशन लेक्चरर्स

विशेष सत्र के दिन एक्सटेंशन लेक्चरर्स भी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करेंगे। एक्सटेंशन लेक्चरर्स वेलफेयर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह के मुताबिक, करीब 2 हजार लेक्चरर्स नौकरी की सुरक्षा और नियमित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में सत्र के दौरान राजनीतिक मुद्दों के साथ कर्मचारियों का प्रदर्शन भी चर्चा में रह सकता है।