- गन्ने और गेहूं के उचित भाव देने की मांग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गन्ने के उचित भाव की मांग को लेकर किसान आंदोलन तेज होने लगा है। कैथल में प्रदेश के सभी किसान संगठनों की बैठक हुई।
इस बैठक में संगठनों ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आंदोलन लड़ने का फैसला लिया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को मजबूती दी जाएगी।
किसानों ने 2 दिसंबर को प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कुरुक्षेत्र पहुंचकर मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगें रखने का ऐलान किया है।
खेत में बैठक के बाद किसानों को किया संबोधित
बैठक के बाद गन्ने के खेत से किसानों को संबोधित करते हुए रतन मान ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और संविधान के दायरे में रहकर चलाया जाएगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि कोई भी साथी उत्तेजना में आकर ऐसा काम न करे, जिससे आंदोलन की छवि खराब हो। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन की मर्यादा तोड़ने वाले को किसान कौम के साथ गद्दारी करने वाला माना जाएगा।
गन्ने के बाद गेहूं के भाव का मुद्दा भी उठाया
रतन मान ने कहा कि पहले गन्ने की लूट और अब गेहूं की लूट किसान बर्दाश्त नहीं करेंगे। डीजल, खाद, मजदूरी और बिजली के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन किसानों की फसलों के भाव उस हिसाब से नहीं बढ़े हैं। किसान कोई भीख नहीं मांग रहा, बल्कि अपनी मेहनत का उचित दाम मांग रहा है।
उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में गन्ना उत्पादक किसानों के साथ बिना गन्ना बोने वाले किसान, छोटे और बड़े सभी किसानों को एकजुट होना होगा।
2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे हजारों किसान
प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने घोषणा की कि 2 दिसंबर को हर जिले, तहसील और गांव से किसान पूरी तैयारी के साथ कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। वहां मुख्यमंत्री से बातचीत कर गन्ने और गेहूं के उचित भाव की मांग रखी जाएगी।
उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि किसान एकजुट रहेंगे तभी उन्हें सफलता मिलेगी। खेत में जय किसान, जय मजदूर और जय संविधान के नारे भी लगाए गए।