- गुरुग्राम 7.3°C के साथ सबसे ठंडा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में ठंड ने अब पूरी तरह से रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आज (21 नवंबर) प्रदेश के 18 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे का यह असर कल यानी 22 नवंबर को भी जारी रहेगा।
वहीं, प्रदेश के 9 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। 7.3 डिग्री तापमान के साथ गुरुग्राम प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय और चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
रात के तापमान में गिरावट, दिन में धूप
प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुग्राम (7.3°C) के बाद महेंद्रगढ़ (8.3°C), झज्जर (8.9°C), हिसार (9.1°C), कैथल (9.4°C), रेवाड़ी (9.6°C), करनाल (9.7°C), रोहतक (9.8°C) और फतेहाबाद (9.9°C) में पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
हालांकि, दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी हुई है। करनाल के इंद्री में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल में दिन का पारा सबसे कम 24.5 डिग्री रहा।
हरियाणा के तापमान का विश्लेषण…
हिसार सबसे ठंडे शहरों में: हिसार में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रहा। बालसमंद में 9.6 और हिसार के ही सादलपुर में 10.1 डिग्री दर्ज किया गया।
नारनौल में दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर: नारनौल में न्यूनतम 10.2 और अधिकतम 24.5 डिग्री रहा। यहां दिन और रात के तापमान में करीब 14.3 डिग्री का अंतर रहा।
दिन में गर्मी, रात में ठंड: कई शहरों में दिन का तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहा, जबकि रात का तापमान 10 से 13 डिग्री के आसपास है।