- 78 मामलों के साथ कैथल सबसे आगे
- किसानों पर ₹6.55 लाख का जुर्माना
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हरियाणा में पराली जलाने के मामलों में पिछले कुछ दिनों में इजाफा हुआ है। सप्ताहभर के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि प्रदेश में रोजाना औसतन 10 से 12 मामले सामने आ रहे हैं।
कैथल, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र और फतेहाबाद में पराली जलाने के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक 103 किसानों पर एफआईआर दर्ज की गई है और 6.55 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
कैथल और जींद में सबसे ज्यादा मामले और एफआईआर
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा में 15 सितंबर से अब तक पराली जलाने के कुल 286 मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 78 मामले कैथल में सामने आए हैं। इसके बाद जींद में 43, फतेहाबाद में 29, करनाल में 23 और कुरुक्षेत्र में 20 मामले दर्ज हुए हैं।
अन्य जिलों में पलवल में 17, रोहतक में 12, हिसार में 10, हांसी में 7 और सिरसा में 6 मामले सामने आए हैं। अकेले कैथल में पराली जलाने पर 38 और जींद में 20 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
किसानों के लैंड रिकॉर्ड में की जा रही रेड एंट्री
पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ प्रशासन की ओर से लैंड रिकॉर्ड में रेड एंट्री करने का भी प्रावधान है। अब तक ऐसे 38 मामले दर्ज किए गए हैं। सोनीपत में सबसे ज्यादा 8 रेड एंट्री हुई हैं। वहीं अंबाला, फतेहाबाद, हिसार और कुरुक्षेत्र में 5-5 रेड एंट्री की गई हैं।
रेड एंट्री होने पर किसान के लिए जमीन बेचना या हस्तांतरित करना आसान नहीं रहता। इसके अलावा बैंकों से फसल ऋण या जमीन पर अन्य कर्ज लेने में परेशानी होती है। कई सीजन तक एमएसपी पर फसल बेचने में भी दिक्कत आ सकती है।