- मेंटल असेसमेंट रिपोर्ट में खुलासा- रेगुलर थेरेपी की जरूरत, रोक-टोक को सजा समझता है
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : पंचकूला के सरकारी स्कूल में 6 साल की बच्ची को पीटने वाले छात्र की मेडिकल रिपोर्ट में कई खुलासे हुए हैं। छात्र ‘कंडक्ट डिसऑर्डर’ और ‘अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी’ डिसऑर्डर (ADHD) से पीड़ित है।
इसमें बच्चा कई बार नियम समझाने या रोकने-टोकने को भी सजा समझने लगता है। उसे किसी सहारे की कमी महसूस होने लगती है। ऐसी स्थिति में कई बार बच्चे के बिहेवियर में बदलाव आता है।
चंडीगढ़ स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के तीन डॉक्टरों के पैनल ने बच्चे की जांच की। उन्होंने कहा, बच्चे की बुद्धिमत्ता (IQ) सामान्य है। हालांकि उसे निगरानी में रखकर लगातार इलाज और बिहेवियरल थेरेपी की जरूरत है।
अब जानिए, जांच रिपोर्ट की 4 बड़ी बातें:-
- 3 डॉक्टर्स ने तैयार की रिपोर्ट : GMCH की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शिवांगी मेहता, सीनियर रेजिडेंट डॉ. राशिका शर्मा और क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना शर्मा ने बच्चे की मेंटल असेसमेंट रिपोर्ट तैयार की है।
- बच्चे का आईक्यू सही मिला: रिपोर्ट में साइकोलॉजिकल टेस्ट में बच्चे का फुल स्केल आईक्यू स्कोर 102 आया है, जो सामान्य श्रेणी में आता है। उसकी सामान्य ज्ञान की समझ भी उम्र के हिसाब से ठीक पाई गई है।
- इमोशनल सपोर्ट की कमी: रिपोर्ट में कॉन्फ्लिक्ट असेसमेंट टेस्ट (CAT) से पता चला है कि बच्चे को भावनात्मक सहारे की कमी महसूस होती है। वह अनुशासनिक बातों को एक दंड के रूप में देखता है। इन निर्देशों का विरोध भी करता है।
- बच्ची के बारे में पूछने पर चुप हुआ: 31 अक्टूबर और 2 नवंबर को हुई बच्चे की जांच में पता चला कि वह बेहद चंचल है। माता-पिता से अलग होने पर भी सहज था, लेकिन मारपीट की घटना के बारे में पूछने पर चुप्पी साध गया।
तीसरी के स्टूडेंट ने सिर पर ईंट मारी थी
28 अक्टूबर को पंचकूला के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र ने 6 साल की एक छात्रा पर हमला कर दिया था।
छात्र ने बच्ची को हाथ-पैरों से पीटा और उसके सिर पर ईंट से कई वार किए। सेक्टर- 20 थाना पुलिस ने 30 अक्टूबर को BNS की धारा 115 (2), 117 (2) और 127 (2) के तहत DDR दर्ज कर बच्चे को मेडिकल जांच के लिए GMCH- 32 भेजा था।
जेजेबी बोला- बच्चे को प्यार की जरूरत
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) ने पिछले महीने नाबालिग को जमानत देते हुए अहम टिप्पणी की थी। बोर्ड ने कहा था कि 8 साल के बच्चे को सजा देने के बजाए विशेष देखभाल, प्यार भरे माहौल और इलाज की जरूरत है।
बोर्ड ने माता-पिता को बच्चे का नियमित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जिला बाल संरक्षण इकाई को बच्चे की निगरानी करने और अगले तीन महीने तक हर माह प्रोग्रेस रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
अब समझिए, क्या है ADHD और ‘कंडक्ट डिसऑर्डर’
रोहतक PGI में मनाेरोग डिपार्टमेंट के विशेषज्ञ का कहना है कि अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर मे बच्चा एक जगह टिक नहीं बैठ पाता है। अगर उससे सवाल पूछो तो पहले ही आंसर देने की कोशिश करता है। कई बार चीजें भूलने लगता है।
- ADHD होने के कारण: बच्चों में ADHD की समस्या के पीछे जेनेटिक कारण हो सकते हैं। इसके अलावा घर का माहौल भी बच्चे के व्यवहार को प्रभावित करता है। अगर बच्चा लगातार आसपास गुस्सा, झगड़ा या आक्रामक व्यवहार देखता है और परिवार से उसे सही सहयोग नहीं मिलता, तो उसके व्यवहार में भी बदलाव आ सकते हैं।
- कंडक्ट डिसऑर्डर क्या है: अगर ADHD के लक्षणों को समय रहते समझकर बच्चे की मदद नहीं की जाती, तो कुछ बच्चों में आगे चलकर कंडक्ट डिसऑर्डर की समस्या हो सकती है। इसमें बच्चा चोरी करना, झूठ बोलना, स्कूल जाने के बहाने कहीं और चले जाना या दूसरे बच्चों के साथ मिलकर झगड़ा करना जैसे व्यवहार दिखा सकता है।