- रात का पारा 2 डिग्री और लुढ़केगा
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : हरियाणा में ठंड ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज 19 नवंबर से 22 नवंबर तक प्रदेश में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
पहले दिन यानी आज पूर्वी और दक्षिणी हरियाणा के 10 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। वहीं, रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और प्रदेश के 7 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है।
आज इन 10 जिलों में कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में सुबह और शाम के समय कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। विभाग ने इसे येलो अलर्ट की श्रेणी में रखा है, जिससे सुबह के समय हाईवे पर दृश्यता (विजिबिलिटी) प्रभावित हो सकती है।
जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम…
कल से 19 जिलों में बढ़ेगा कोहरे का दायरा : मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 20 से 22 नवंबर के बीच कोहरे का असर और तेज होगा। इन तीन दिनों के दौरान कुरुक्षेत्र, कैथल और जींद को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी 19 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद आदि) में घने कोहरे का येलो अलर्ट रहेगा।
दिन-रात के तापमान में गिरावट आएगी: उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने और पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाके और ठंडे हो जाएंगे। पहाड़ों जैसी ठंड मैदानों में अनुभव की जाएगी। आने वाले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की और गिरावट आने की संभावना है, हालांकि मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
हिसार सबसे ठंडा, नूंह में दिन का पारा सबसे ज्यादा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हिसार का बालसमंद 8.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
इसके अलावा करनाल और झज्जर में पारा 8.9°C, महेंद्रगढ़ में 9.4°C, रेवाड़ी (बावल) और कैथल (कौल) में 9.5°C तथा हिसार शहर में 9.8°C दर्ज किया गया।
नारनौल, पानीपत और यमुनानगर में भी रात का पारा 10 डिग्री पर पहुंच गया है। दूसरी ओर, दिन में धूप खिलने के कारण नूंह में अधिकतम तापमान 29.4°C और फरीदाबाद में 29.3°C दर्ज किया गया।