- स्वामित्व पोर्टल पर 90 दिन तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, तहसील स्तर पर निपटारा होगा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में लाल डोरा क्षेत्र की प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड में गलतियां अब स्वामित्व पोर्टल के जरिए ठीक कराई जा सकेंगी। नागरिक घर बैठे रिकॉर्ड देख सकेंगे और गलती मिलने पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
पहले पंचायत विभाग ने लाल डोरा क्षेत्र की प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड तैयार किया था और प्रॉपर्टी आईडी जारी की थी।
इस दौरान कई जगह रिकॉर्ड में गलतियां सामने आईं। कहीं मालिक का नाम गलत दर्ज हुआ, तो कहीं हिस्सेदारी, क्षेत्रफल, सीमाओं या प्रॉपर्टी की पहचान में गड़बड़ी रही।
इन गलतियों में सुधार कराया जा सकेगा
- खरीद-फरोख्त के बाद मालिक का नाम बदलना।
- गलत मालिक का नाम ठीक कराना।
- गलत हिस्सेदारी ठीक कराना।
- प्रॉपर्टी का गलत क्षेत्रफल या माप ठीक कराना।
- प्रॉपर्टी का कोना या हिस्सा रिकॉर्ड में दर्ज न होना।
- दो प्रॉपर्टी को जोड़ना।
- एक प्रॉपर्टी को अलग-अलग हिस्सों में बांटना।
- प्रॉपर्टी का गलत प्रकार ठीक कराना।
- प्रॉपर्टी से जुड़ी अन्य गलतियां।
दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे
इन गलतियों को ठीक कराने और मालिकाना हक साबित करने के लिए लोग कई साल से सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे थे। अब पोर्टल पर आपत्ति दर्ज करने और राजस्व विभाग के तहसील स्तर पर शिकायतों की जांच कर निपटारा करने की व्यवस्था की गई है।
पोर्टल पर पूरे हरियाणा का नक्शा उपलब्ध है, जिसमें लाल डोरा की सीमा दिखाई गई है। नागरिक अपने नाम, प्रॉपर्टी आईडी, आधार नंबर और मोबाइल नंबर से अपनी प्रॉपर्टी का विवरण देख सकेंगे।
रिकॉर्ड में सुधार के लिए नागरिक 90 दिन तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद राजस्व विभाग तहसील स्तर पर शिकायतों की जांच कर उनका निपटारा करेगा।