- सहकारी सोसायटी की फाइल आगे बढ़ाने की ले रहा था घूस, ACB ने ट्रैप लगाकर किया काबू
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रेवाड़ी जिले में तैनात सहकारी समिति के सब-इंस्पेक्टर विक्रांत को हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने 2500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पाली की देबू कोऑपरेटिव लेबर एंड कंस्ट्रक्शन सोसायटी लिमिटेड की प्रोसीडिंग बुक का सत्यापन करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की रेवाड़ी यूनिट ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता राहुल ने एसीबी को फोन पर सूचना दी थी कि सहकारी समिति के सब-इंस्पेक्टर विक्रांत की ओर से उससे 2500 रुपए की मांग की जा रही है। राहुल के अनुसार, आरोपी ने देवू कोऑपरेटिव लेबर एंड कंस्ट्रक्शन सोसायटी लिमिटेड, पाली की कार्यवाही रजिस्टर का सत्यापन करने के बदले यह रकम मांगी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सब-इंस्पेक्टर ने 2500 रुपए में से 2000 रुपए शराब की बोतल के लिए और 500 रुपए अन्य खर्च के लिए मांगे थे।
रेवाड़ी ऑफिस से किया गिरफ्तार
राहुल ने आरोपी की मांग के अनुसार 2000 रुपए शराब की बोतल और 500 रुपए अन्य खर्च के लिए देने की हामी भर दी। इसके बाद उसने इसकी सूचना एसीबी को दे दी। शिकायत मिलने पर एसीबी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और टीम तैयार कर जाल बिछाया। बुधवार को एसीबी ने शिकायतकर्ता को 2500 रुपए देकर सब इंस्पेक्टर विक्रांत के पास अहीर कॉलेज के पीछे सहकारी समिति के ऑफिस में भेजा। इसके बाद एसीबी की टीम ने तय योजना के तहत आरोपी सब-इंस्पेक्टर विक्रांत को 2500 रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी के अनुसार इस मामले में पुलिस थाना स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत के लिए सतर्क हरियाणा ऐप का विकल्प
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दें। इसके लिए ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।